Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद में ‘नहाय-खाय’ से हुआ छठ महापर्व का आगाज

-इंदिराब्रिज, चांदखेड़ा, गोदरेज गार्डन सिटी, नारणघाट शाहीबाग, मेघाणीनगर, कलोल सहित कई जगहों पर दिखी भक्ति की छटा, अस्ताचल गामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर की जा रही है तैयारी

2 min read
Google source verification
Indira bridge

अहमदाबाद के इंदिरा ब्रिज के नीचे छठ घाट पर जारी छठ पूजा की तैयारी।

Ahmedabad. सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ की शनिवार को अहमदाबाद सहित देशभर में नहाय-खाय के साथ धूमधाम से शुरुआत हुई। शहर के कई क्षेत्रों में रहने वाले बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश मूल के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ शनिवार को ‘नहाय-खाय’ का व्रत रखा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ पर्व का आगाज हुआ।

छठ पूजा के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने सूर्योदय के समय पवित्र स्नान कर शुद्धता और संकल्प के साथ व्रत आरंभ किया। महिलाओं ने घरों की सफाई कर प्रसाद में लौकी-भात और चने की दाल का भोग लगाया।

अहमदाबाद में इस पर्व का उत्साह हर वर्ष की तरह इस बार भी देखने लायक है। इंदिरा ब्रिज, चांदखेड़ा , गोदरेज गार्डन सिटी, नारणघाट-शाहीबाग, मेघाणीनगर, बापूनगर, रखियाल, अमराईवाड़ी, नरोडा, निकोल, गोता, गांधीनगर के कलोल सहित कई क्षेत्रों में छठ व्रती परिवारों ने पारंपरिक सजावट के साथ पूजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कई जगहों पर सामूहिक घाट सजाने का काम भी शुरू हो गया है, जहां आगामी दिनों में अस्ताचल और उदयाचल सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

कल यानी रविवार को ‘खरना’ का व्रत होगा, जिसमें व्रती महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद सोमवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और मंगलवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर वर्त का समापन होगा।

उत्तर भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी वाले अहमदाबाद में छठ पूजा अब लोक पर्व का रूप ले चुकी है। नदियों, सरोवरों और सोसायटी परिसरों में बनाए गए कृत्रिम घाटों पर सुबह-शाम पूजा-अर्चना की तैयारियां जोरों पर हैं।

चांदखेड़ा में छठ के लिए की जा रही तैयारी

शहर के चांदखेड़ा इलाके में न्यू सीजी रोड के पास मंडन भारती सेवा ट्रस्ट की ओर से टीपी 22 इलाके में अहमदाबाद महानगरपालिका के प्लाट पर छठ महापर्व की तैयारी की जा रही है। ट्रस्ट के न्यासी के डी पाठक ने बताया कि इस बार दो तालाब तैयार किए हैं। यहां करीब दो सौ व्रती महिलाएं और पुरुष खड़े होकर पूजा कर सकेंगे। मनपा के सहयोग से आयोजन हो रहा है। भजन संख्या, महाप्रसाद की भी व्यवस्था है।

इंदिरा ब्रिज छठ घाट पर बंधने लगा पांडाल

छठ महापर्व समन्वय ट्रस्ट के न्यासी सोना सिंह राजपूत ने बताया कि इंदिरा ब्रिज पर बने छठ घाट पर महापर्व की तैयारी जारी है। यहां मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, राज्यमंत्री दर्शनाबेन वाघेला, महापौर प्रतिभा जैन व उनकी टीम उपस्थित रहेगी। सीएम 27 अक्टूबर की शाम को छठ मैया की आरती करेंगे। यहां इस साल सूर्य यज्ञ भी किया जाएगा।

गोदरेज गार्डन सिटी यूथ क्लब की ओर से गोदरेज गार्डन सिटी में भी छठ पूजा की जोर-जोर से तैयारियां चल रही है। बिहार कल्चरल एसोसिएशन के सदानंद झा ने बताया कि साबरमती नदी पर शाहीबाग के पास नारण घाट पर भी छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है।

श्रद्धालु महिलाओं ने कहा कि छठ माता और भगवान सूर्य से संतान सुख, स्वास्थ्य और परिवार के कल्याण की प्रार्थना की जाती है।

सेवानिवृत शिक्षक लाल बिहारी झा ने बताया कि छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ साथ सूर्य की आराधना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देता है।