
Ahmedabad. शहर के असारवा इलाके में स्थित सिविल अस्पताल में 11 घंटे में दो ब्रेनडेड मरीजों के 11 अंग दान में मिले हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि 29 और 30 अगस्त को 11 घंटे के अंतराल में दो ब्रेनडेड मरीजों के परिजनों ने अंगदान की स्वीकृति दी। अंगदान की स्वीकृति मिलने पर ब्रेनडेड मरीजों के 11 अंग प्राप्त करने में चिकित्सक 11 घंटे तक कार्यरत रहे। दान में 4 किडनी, दो लिवर, 2 हृदय, एक अग्नाशय, दो फेफड़े मिले हैं।
पहले मामले में, आणंद के बोरसद के समीप अंबेरापुरा निवासी 19 वर्षीय विपुल वाघेला अपने घर से काम पर जा रहे थे। इस दौरान वे बाइक से गिर गए जिससे सिर में चोट लग गई। उन्हें पहले बोरसद के निजी अस्पताल और फिर करमसद अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें 25 अगस्त अहमदाबाद सिविल अस्पताल लाया गया। सिविल अस्पताल में 4 दिनों के गहन उपचार के बाद 29 अगस्त को डॉक्टरों की टीम ने विपुलभाई को ब्रेन डेड घोषित कर दिया। सिविल अस्पताल की अंगदान टीम ने विपुलभाई की मां जनकबेन व अन्य परिजनों को अंगदान के बारे में जानकारी दी, जिससे जनकबेन और अन्य सदस्यों ने अंगदान की सहमति दे दी। इस पर ब्रेनडेड हुए विपुलभाई के 6 अंग दान में लिए गए, इनमें उनकी दो किडनी, एक लिवर, हृदय और दो फेफड़े शामिल हैं।
दूसरा ब्रेनडेड अंगदान अन्य राज्य की रहने वाली 39 वर्षीय महिला के परिजनों की ओर से 30 अगस्त को किया गया। महिला को 30 अगस्त को टीम ने ब्रेनडेड घोषित किया था। चिकित्सकों ने ब्रेनडेड घोषित हुई महिला के परिजनों को अंगदान के बारे में जानकारी दी तो उन्होंने स्वीकृति दे दी। ऐसे में उनकी दो किडनी और एक लिवर, हृदय और अग्न्याशय सहित पांच अंग दान में लिए गए। अस्पताल में विपुल का 208 वां और महिला का 209 वें ब्रेनडेड मरीज के रूप में अंगदान स्वीकार किया गया।
डॉ.जोशी ने बताया कि दान में मिले 2 हृदय सिविल मेडिसिटी परिसर स्थित यूएन मेहता अस्पताल के ज़रूरतमंद मरीज़ों में प्रत्यारोपित किए जाएंगे। दो फेफड़े शहर के केडी अस्पताल में भर्ती ज़रूरतमंद मरीज़ों को और चार किडनी, दो लिवर व अग्नाशय किडनी अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद मरीजों में प्रत्यारोपित किए जाएंगे।
ज्ञात हो कि अब तक सिविल अस्पताल को ब्रेनडेड मरीजों से दान में 382 किडनी, 184 लिवर, 68 हृदय, 34 फेफड़े, 16 अग्नाशय, दो छोटी आंतें, 22 त्वचा और 142 आंखों का दान प्राप्त हुआ है। कुल 692 अंगों का दान मिला है।
Published on:
30 Aug 2025 10:31 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
