गांधीनगर. राज्यभर में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर पोरबंदर के समुद्र में भी तिरंगा फहराया गया।
गांधीनगर िस्थत राजभवन में स्वतंत्रता पर्व की संध्या पर एट होम कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की उपस्थिति में राज्य के नागरिकों को संबोधित करते हुए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि स्वदेशी वस्तुएं अपनाकर देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि हमें अपने कपड़ों, पहनावे, भोजन, समृद्ध विरासत और आध्यात्मिक संस्कृति पर गर्व होना चाहिए, यही हमारे भीतर शौर्य और वीरता प्रज्वलित करने का मूलभूत आधार है।
उन्होंने मंत्रियों, राजनीतिक नेताओं, वरिष्ठ अधिकारियों, समाज के अग्रणी नागरिकों और श्रमयोगियों को राजभवन में आमंत्रित किया। साथ ही सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्यकर्मियों, रिक्शा चालकों, सफाईकर्मियों, बुनकरों, धोबी, कुम्हार, लोहार, नाई और मोची आदि श्रमयोगियों को भी एट होम कार्यक्रम में आमंत्रित किया।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने इस अवसर पर कहा कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। पिछले एक दशक में देश ने रक्षा, आधारभूत सुविधा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृषि और उद्योग क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
राज्यपाल ने विशेष रूप से किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने और उपस्थित सभी महानुभावों को प्राकृतिक कृषि उत्पादों को भोजन में उपयोग करने की अपील की।
Published on:
17 Aug 2025 10:22 pm