Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में भाजपा नेता ने अपनी ही पार्टी की महिला नेता को कहा ‘कुलक्षणी’…

mp news: महिला नेत्री के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर विवादों में घिरे भाजपा नेता...।

3 min read
Google source verification
anuppur

anuppur

mp news: मध्यप्रदेश में भाजपा नेता के द्वारा अपनी ही पार्टी की महिला नेत्री के खिलाफ अमर्यादित शब्दों के प्रयोग का मामला सामने आया है। मामला अनूपपुर जिले का है जहां भाजपा नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष ने भाजपा की महिला मोर्चा की पदाधिकारी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है जिसके बाद मामला गर्माया हुआ है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा नेता के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

भाजपा नेता के बिगड़े बोल

भाजपा नेता अनिल गुप्ता अपनी ही पार्टी की महिला नेत्री नवरत्नी शुक्ला के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर विवादों में फंस गए हैं। पूरा वाक्या 28 अगस्त का है जब भाजपा नेता अनिल गुप्ता जैतहरी में सिद्ध बाबा पहाड़ी पर रॉक गार्डन के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे इसी दौरान उन्होंने बिना नाम लिए इशारों इशारों में ही महिला नेत्री को कुलक्षणी तक कह दिया। भाजपा नेता के इस बयान का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि अनिल गुप्ता नगर परिषद जैतहरी के अध्यक्ष उमंग के पिता हैं और पूर्व में भाजपा जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

वायरल वीडियो में ये बोले..

जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें भाजपा नेता अनिल गुप्ता कह रहे हैं कि तीन दिन पहले मैं भोपाल जा रहा था तभी मेरे पास रेलवे के इंस्पेक्टर का फोन आया जिसने बताया कि एक शिकायत आई है। पूर्व अध्यक्ष और भाजपा महिला मोर्चे की महामंत्री…। कागज में महामंत्री, आचरण में पता नहीं… क्या कहूं मैं… अपनी भाषा में तुम जानो… कुलक्षणी…।

महिला नेत्री ने की थी शिकायत

बीते दिनों भाजपा नेत्री नवरत्नी शुक्ला ने रेल मंत्री को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि बिलासपुर रेल जोन के जैतहरी अंडरब्रिज के दोनों ओर रेलवे की भूमि पर विभाग की अनुमति के बिना होर्डिंग लगाए गए हैं। ये होर्डिंग नगर परिषद जैतहरी के अध्यक्ष उमंग गुप्ता के हैं। तिराहे पर 40 फीट पर ग्रिल लगाकर कुर्सियां रखकर अतिक्रमण किया है। इसके कारण आए दिन दुर्घटना होती है। आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व अध्यक्ष ने मांग की थी कि होर्डिंग को हटाकर तिराहा अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। जिसके बाद अब उमंग गुप्ता के पिता अनिल गुप्ता की तरफ से ये बयान आया है।

भाजपा जिला अध्यक्ष बोले बयान दुर्भाग्य पूर्ण

भाजपा नेत्री के खिलाफ अमर्यादित शब्दों के प्रयोग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने अनिल गुप्ता के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा महिलाओं का सम्मान करती है। यदि वरिष्ठ नेता अनिल गुप्ता ने किसी भी महिला के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है तो वह दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन के किसी भी कार्यकर्ता और पदाधिकारी को ऐसी कोई बात किसी ऐसे मंच से नहीं करना चाहिए, जिससे कि किसी के मान- सम्मान को ठेस पहुंचे। वहीं इस मामले पर भाजपा नेत्री का कहना है कि जब हमने जैतहरी नगर परिषद में 5 साल सरकार चलाई तो अनिल गुप्ता ने इसका विरोध किया। विधानसभा में 20 बार सवाल उठवाए। अनिल गुप्ता ने जो कल कहा, वह दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि हमारा उनसे कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं है। उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग भी की है।