
कब्जेदारों को नोटिस देती टीम (फोटो सोर्स: पत्रिका)
बरेली। बरेली में हाल के बवाल के बाद अब नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। वार्ड-54 भूड के शाहबाद कोहाड़ापीर इलाके में निगम की जमीन पर बने अवैध मकानों पर गुरुवार को कार्रवाई का शिकंजा कस गया। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर 27 मकानों पर नोटिस चस्पा किए और साफ चेतावनी दी 15 दिन में खुद कब्जा हटाओ, नहीं तो बुलडोजर चलेगा और एफआईआर भी होगी।
यह मामला नया नहीं है। इलाके की पार्षद शालिनी जौहरी पिछले दस साल से इस अवैध कब्जे की शिकायत कर रही थीं, लेकिन कार्रवाई टलती जा रही थी। अब बरेली में हालात बिगड़ने के बाद नगर निगम ने पुरानी फाइल खोल दी और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि नगर निगम की जमीन पर लोगों ने पक्के मकान और दुकानें खड़ी कर ली हैं, जो प्राथमिक विद्यालय और विद्युत उपकेंद्र के पास स्थित हैं।
नगर निगम के एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि यह जमीन नगर निगम की संपत्ति है। 8 अक्टूबर को की गई स्थलीय और अभिलेखीय जांच में यह अतिक्रमण पुख्ता पाया गया। उन्होंने कहा कब्जेदारों को नोटिस देकर 15 दिन की मोहलत दी गई है। तय समय में कब्जा नहीं हटाने पर निगम खुद कार्रवाई करेगा। खर्च भी उन्हीं से वसूला जाएगा और पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि नगर निगम अधिनियम और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत कार्रवाई होगी। जो खुद कब्जा नहीं हटाएगा, उस पर न सिर्फ बुलडोजर चलेगा बल्कि वसूली भी होगी। वार्ड-54 भूड में नोटिस लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। कई कब्जेदार अब मकान खाली करने की तैयारी में जुट गए हैं। निगम सूत्रों के मुताबिक, यह तो सिर्फ शुरुआत है, आगे अन्य इलाकों में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज किया जाएगा।
संबंधित विषय:
Published on:
09 Oct 2025 09:59 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
