
सीएम मोहन यादव करेंगे मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा- image mp jansampark
CM Mohan Yadav- मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा फैसला लिया है। वे हर विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे। मंगलवार से यह काम शुरु होगा। सीएम मोहन यादव ने विभागों के मंत्रियों को समीक्षा के लिए तलब किया है। इससे राजनैतिक और प्रशासनिक हल्कों में खलबली सी मच गई है। प्रदेश में मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के सीएम के निर्णय से सरकार और संगठन में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की समीक्षा बैठकों में मंत्री के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इससे प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी भी एक्शन में आ गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विभागों के कामकाज की समीक्षा का सिलसिला मंगलवार से शुरु होगा। दूसरे दिन यानि बुधवार को भी वे कुछ विभागों के मंत्रियों व अधिकारियों से रिपोर्ट लेंगे। इसके बाद सीएम मोहन यादव 8 व 9 दिसंबर को विभागों की समीक्षा करेंगे। दो दिनों की समीक्षा का पहला दौर भोपाल में जबकि अन्य दो दिनों का दूसरा दौर खजुराहो में होगा।
सीएम मोहन यादव सभी मंत्रियों से अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ भविष्य की प्लानिंग भी मांग रहे हैं। कामकाज में आई दिक्कतें, चुनौतियों के बारे में भी उनसे पूछा जाएगा।
बता दें कि सीएम मोहन यादव की सरकार के 2 साल पूरे होनेवाले हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल में फेरबदल के कयास लगाए जा रहे हैं। सीएम के हालिया दिल्ली दौरों को भी संभावित बदलाव के नजरिए से देखा जाता है। मंत्रिमंडल में परिवर्तन की अटकलों के बीच सीएम मोहन द्वारा मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के फैसले से इन बैठकों की अहमियत काफी बढ़ गई है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मंगलवार को विधानसभा में समीक्षा बैठक की शुरुआत होगी। सीएम मोहन यादव यहां दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की उपस्थिति में उनके विभाग की समीक्षा करेंगे। दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करेंगे जिसमें विभागीय मंत्री उदय प्रताप सिंह उपस्थित रहेंगे।
सीएम मोहन यादव शाम 4 बजे से 4:30 बजे तक मंत्री तुलसीराम सिलावट की उपस्थिति में नर्मदा घाटी विकास, जल संसाधन विभाग की समीक्षा करेंगे। शाम 4:30 बजे से 5 बजे तक ऊर्जा, नवीन और नवकरणीय ऊर्जा विभाग की समीक्षा होगी जिसमें विभागीय मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व मंत्री राकेश शुक्ला उपस्थित रहेंगे।
बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वल्लभ भवन में समीक्षा बैठक लेंगे। वे सुबह 11 बजे से 12 बजे तक उप मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री राजेन्द्र शुक्ल की उपस्थिति में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा करेंगे। दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक विभागीय मंत्री विश्वास सारंग की मौजूदगी में सहकारिता विभाग की समीक्षा की जाएगी। दोपहर 1 बजे से 1:45 बजे तक महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा विभागीय मंत्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में होगी।
सीएम मोहन यादव दोपहर 1:45 बजे से 2:30 बजे तक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा करेंगे, जिसमें विभागीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर उपस्थित रहेंगी। दोपहर 3:30 बजे से 4:15 बजे सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग की समीक्षा करेंगे, जिसमें विभागीय मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा उपस्थित रहेंगे। कृषि, किसान कल्याण उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण विभाग के मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा की क्लास दोपहर 4:15 से 5 बजे तक लगेगी।
8 दिसम्बर सोमवार को सीएम मोहन यादव समीक्षा का दूसरा दौर खजुराहो में शुरु करेंगे। वे यहां दोपहर 11 बजे से 11:30 बजे तक खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा करेंगे, जिसमें विभागीय मंत्री गोविंद सिंह राजपूत उपस्थित रहेंगे। दोपहर 11:30 बजे से 12 बजे तक उप मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री जगदीश देवड़ा की उपस्थिति में वाणिज्यिक कर विभाग की समीक्षा होगी। दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक सीएम मोहन यादव पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग की समीक्षा करेंगे, जिसमें विभागीय मंत्री लखन पटेल उपस्थित रहेंगे।
दोपहर 12:45 बजे से 1:30 बजे तक नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा करेंगे जिसमें विभागीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित रहेंगे। दोपहर 4 बजे से 4:45 बजे जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित समीक्षा की जाएगी। इसमें विभागीय मंत्री विजय शाह व मंत्री नागर सिंह चौहान उपस्थित रहेंगे। दोपहर 4:45 से 5:30 बजे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की समीक्षा विभागीय मंत्री चैतन्य काश्यप की उपस्थिति में होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 दिसम्बर मंगलवार को भी खजुराहो में ही समीक्षा बैठक लेंगे। वे दोपहर 12 बजे से 12:45 बजे तक लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करेंगे, जिसमें विभागीय मंत्री राकेश सिंह उपस्थित रहेंगे। दोपहर 12:45 बजे से 1:30 बजे तक लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री सम्पतिया उईके की मौजूदगी में विभाग की समीक्षा होगी।
Published on:
01 Dec 2025 08:38 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
