MP Congress- मध्यप्रदेश में कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का विरोध अभी भी जारी है। एमपी कांग्रेस द्वारा चेतावनी पत्र जारी किए जाने के बाद भी असंतुष्ट खुलकर सार्वजनिक रूप से अपनी बात कह रहे हैं। मंगलवार को दतिया जिलाध्यक्ष के विरोध में स्वर बुलंद हुए। जिले में कांग्रेस के एक बड़े नेता ने बाकायदा प्रेस कान्फ्रेंस कर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा पर पूर्व में कार्यकर्ताओं को हत्या लूट जैसे मामलों में फंसाने का सनसनीखेज आरोप लगाया। अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के इस फैसले की खिलाफत करते हुए गुस्सा जताया। नाराज नेताओं ने कहा कि अशोक दांगी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर जा चुके हैं। ऐसे व्यक्ति को जिलाध्यक्ष बनाने से जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट जाएगा। इधर जिलाध्यक्ष अशोक दांगी ने कहा है कि हम बैठकर बात करेंगे।
दतिया में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा का विरोध किया। जिला महामंत्री राघवेंद्र यादव भी मुखर नजर आए।
नरेंद्र यादव ने कहा कि 2023 में अशोक दांगी को जिला अध्यक्ष के पद से हटाया जा चुका है। अपने कार्यकाल में पार्टी के लिए कोई बड़ा योगदान नहीं दिया। वे ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। बाद में कांग्रेस में लौट आए लेकिन जमीनी कार्यकर्ताओं में उनके प्रति असंतोष है।
जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र यादव ने अशोक दांगी पर अपने कार्यकाल के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को लूट और डकैती जैसे मामलों में फंसाने का सनसनीखेज आरोप लगाया। उन्होंने हाईकमान से दांगी को हटाने का आग्रह किया। ऐसा नहीं करने पर भोपाल और दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
अशोक दांगी को जिलाध्यक्ष बनाने पर जिला महामंत्री राघवेंद्र यादव ने भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि दांगी के कार्यकाल के दौरान हुए नगर पालिका चुनाव में खुद उनके वार्ड और गांव में भी कांग्रेस हार गई थी। कांग्रेस की इतनी खराब स्थिति थी कि बीजेपी कई वार्ड निर्विरोध जीत गई थी।
प्रेस कान्फ्रेंस में विरोध पर जिला अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों को एक परिवार बताते हुए कहा कि हम मिल बैठकर बात करेंगे और शंकाओं का समाधान निकालेंगे। सभी लोग पार्टी के हित में काम करेंगे।
Updated on:
19 Aug 2025 09:24 pm
Published on:
19 Aug 2025 09:16 pm