MP weather update: इस बार अगस्त माह में बारिश का दौर थमा हुआ है। अगस्त माह में 11 दिन में बैरागढ़ में मात्र एक मिमी बारिश हुई है, वहीं अरेरा हिल्स में 15.6 मिमी बारिश हुई। जबकि पिछले साल पहले पखवाड़े में ही 300 मिमी से अधिक बारिश हो गई थी। हालांकि 13 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। अगस्त के पहले पखवाड़े में भले ही बारिश न हुई हो, लेकिन जुलाई में लगातार झमाझम बारिश के चलते अगस्त माह का कोटा भी आधे से ज्यादा पूरा हो गया था। लेकिन मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी जारी करते हुए अगस्त के अगले 15 दिन में मानसून की धमाकेदार एंट्री की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान एमपी में कहीं भारी तो कहीं तेज बारिश का दौर चलेगा।
राजधानी में सोमवार को मौसम का मिजाज नरम रहा। दिनभर शहर में बादल छाए रहे। इसके कारण अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री तक गिरावट हो गई और तेज उमस से लोगों को थोड़ी राहत मिली। शहर में अधिकतम तापमान 29.6 और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया। एक अगस्त के बाद अधिकतम तापमान 30 डिग्री के नीचे पहुंचा है। पिछले साल भदभदा के गेट 2 अगस्त को खुल गए थे, लेकिन इस बार बड़े तालाब को फुल टैंक लेवल तक पहुंचने के लिए लगभग ढाई फीट पानी की जरूरत है।
मौसम विशेषज्ञ पीके साहा का कहना है कि अब तक मानसून ट्रफ लगातार ऊपरी हिस्से में बनी थी, इसलिए बारिश की गतिविधियों में कमी आई थी, जबकि अब सिस्टम एक्टिव होने लगे हैं और मानसून ट्रफ भी नीचे की ओर खिसकने लगी है। इसके कारण मौसम में बदलाव आ रहा है। अभी पश्चिमोत्तर उप्र की ओर एक ऊपरी हवा का चक्रवात है, साथ ही कच्छ और निकटवर्ती क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवात है। इसके कारण नमी आ रही है। इसके साथ ही 13 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर बनने की संभावना है। जिसके बाद मध्य प्रदेश में एक बार फिर मानसूून की एंट्री होगी और वह भी धमाकेदार।
साल - अगस्त में बारिश (मिमी में)
2024 498.1
2023 - 111.1
2022 - 768.3
2021 - 235.6
2020 - 615.5
2019 - 389.7
2018 - 264.5
2017 - 126
2016 - 531.7
2015 - 768.3
Updated on:
13 Aug 2025 11:21 am
Published on:
12 Aug 2025 11:32 am