बीकानेर. शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कवायद में अब नगर निगम ने एक वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस वार्ड में आगामी समय में सड़कों पर कचरा नजर नहीं आएगा। वार्ड में संग्रहित कचरे का निस्तारण वार्ड में ही होगा और कचरे से खाद बनेगी। कचरा संग्रहण की व्यवस्था और अधिक पुख्ता व प्रभावी बनेगी। घरों में ही कचरे को अलग-अलग संग्रहित करना होगा व कचरे को सड़कों पर न फैंककर ऑटो टिपर में ही डालना होगा। इन कार्यों के लिए निगम ने अपने दल को वार्ड क्षेत्र में लगा दिया है। संभावना है मार्च 2026 तक वार्ड संख्या 12 शहर का पहला आदर्श वार्ड घोषित हो जाए।
यह चल रहे प्रयास
निगम आयुक्त मयंक मनीष के अनुसार वार्ड को जीरो वेस्ट वार्ड बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे है। अब तक वार्ड क्षेत्र के 50 से 60 प्रतिशत घरों का कचरा सड़कों पर न फैंकर ऑटो टिपर में ही डाला जा रहा है। अधिकतर घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए डस्टबिन लग चुके हैं। सड़कों पर कचरे की मात्रा कम होनी शुरू हो गई है। दल सदस्यों की ओर से घर-घर समझाईस की जा रही है।
धरातलीय स्थिति
निगम कुछ समय से वार्ड 12 को जीरो वेस्ट बनाने की कवायद में जुटा हुआ है। अब तक घरों में केवल दो ही प्रकार के डस्टबिन लग पाए है। चार प्रकार के डस्टबिन दिखाई नहीं दिए है। ऑटो टिपर में चार प्रकार के कचरे के लिए कंपार्टमेंट की व्यवस्था की हुई है, लेकिन दो कंपार्टमेंट खाली ही रह रहे है।
बनेंगे कंपोस्ट पिट
वार्ड संख्या 12 में घरों, पार्कों, सड़कों, बाजारों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे के वार्ड में ही निस्तारण के लिए कंपोस्ट पिट बनाए जाएंगे। कंपोस्ट पिट में कचरे से खाद बनाई जाएगी। रीसाइकिल कचरे को अलग किया जाएगा।
चुनौतियां भी कम नहीं
नगर निगम वार्ड 12 को आदर्श वार्ड बनाने की कवायद में जुटा हुआ है। इस कार्य में निगम के समक्ष चुनौतियां भी कम नहीं है। चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग घरों में ही संग्रहित करवाना और कचरे को अलग-अलग ऑटो टिपर में डलवाना सबसे बड़ी चुनौती होगी। सड़कों पर कचरा डालने की आदत को भी सुधारने के लिए सतत प्रयास करने होंगे। खाद बनाने के लिए कंपोस्ट पिट के लिए स्थान को तय करना, लंबे समय तक आमजन की समझाइश करना, सतत रूप से दल की निगरानी आदि कार्य में निरन्तरता जरूरी होगी।
पॉश कॉलोनी, प्रयास जारी
वार्ड संख्या 12 शहर की पॉश कॉलोनी जयनारायण व्यास कॉलोनी का हिस्सा है। यहां आवासीय क्षेत्रों के साथ-साथ दुकानें, प्रतिष्ठान, शैक्षणिक संस्थान, कोचिंग सेंटर, होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, सरकारी कार्यालय आदि स्थित है। वार्ड पार्षद रही चारू शर्मा के अनुसार वार्ड में 16 पार्क, 6 शैक्षणिक संस्थाएं, 5 सरकारी कार्यालय, 5 मार्केट, व्यावसायिक क्षेत्र, 10 कोचिंग सेंटर, करीब एक दर्जन धार्मिक स्थल और आधा दर्जन मुख्य मार्ग है।
परिणाम उत्साह जनक
वार्ड संख्या 12 को जीरो वेस्ट वार्ड बनाने के लिए प्रारंभ किए गए प्रयासों का परिणाम अब तक आशा के अनुरूप आए है। समझाइश, सुधार और व्यवस्थाओं का सकारात्मक परिणाम रहा है। इसकी निरन्तरता को बनाए रखा जाएगा। इस वार्ड के बाद अन्य वार्डों को भी इसी तरह जीरो वेस्ट वार्ड बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। वार्ड निवासियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है।
मयंक मनीष, आयुक्त,नगर निगम, बीकानेर।
Published on:
08 Oct 2025 11:00 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग