
केशवरायपाटन। बूंदी महोत्सव में निकली गई शोभायात्रा
हिण्डोली. हिण्डोली कस्बे में सोमवार को बूंदी उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
सुबह 9 बजे कस्बे के त्रिवेणी धाम स्थित सीनियर सैकंडरी विद्यालय में गणेश मंदिर में पूजा अर्चना की। जिसमें उपखंड अधिकारी शिवराज मीणा, पुलिस उपाधीक्षक अजीत मेघवंशी, तहसीलदार रतनलाल मीणा, अधिशासी अधिकारी जितेंद्र मीणा, शीशराम कुल्हरी, लक्ष्मण सिंह मीणा सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, अधिकारी मौजूद रहे। गणेश पूजन के बाद बैंड-बाजे के साथ जुलूस गढ़ पैलेस के लिए रवाना हुआ। किले के ऊपर जाकर अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। ठाकुर प्रताप सिंह जी की समाधी पर भी ध्वजारोहण किया गया।
सुबह साढ़े दस बजे रघुनाथजी की पूजा के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा में आगे घोड़ों पर सवार व्यक्ति चल रहे थे। पीछे मशक, डीजे की धून पर लोग नाचते गाते हुए चल रहे थे। पीछे महिलाएं सिर कर कलश धारण कर चल रही थी।
शोभायात्रा त्रिवेणी चौक, माली मोहल्ला, बस स्टैंड, शिवराज नगर, तहसील रोड होते हुए तेजाजी की पाल पर पहुंची। जहां पर शोभायात्रा विसर्जित हुई। शोभायात्रा में कस्बे में जगह-जगह पर पुष्पवर्षा की।
केशवरायपाटन. बूंदी महोत्सव के तहत सोमवार को धार्मिक नगरी में आयोजित शोभायात्रा में विभिन्न अंचलों झांकियों में लोक-संस्कृति को जीवंत कर दिया। शाम चार बजे सीएडी परिसर में शोभायात्रा शुरू की गई। शोभायात्रा में आगे घोडे के साथ घुड़सवार चल रहे थे। विभिन्न विद्यालयों के बालक बालिकाओं ने अलग-अलग परिवेश की झांकियां बनाई गई। महिलाएं, बालिकाएं कलश लेकर शामिल हुई। शोभायात्रा में ग्रामीण परिवेश, झांसी की रानी, साधु-संतों, कालबेलिया, किसान की टोलियां चल रही थी। डीजे में लोक-संस्कृति के गीतों पर महिलाएं नृत्य करती चल रही थी। यह शोभायात्रा तहसील रोड़ मुख्य बाजार, जैन मंदिर होती हुई चबल नदी किनारे पहुंच कर समाप्त हो गई।
बूंदी महोत्सव का शुभारंभ नाव घाट पर गणेश पूजन के साथ किया गया। आचार्य बद्रीलाल गौतम व आशीष गौतम ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन करवाया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष कन्हैयालाल कराड़, उपखंड अधिकारी ऋतुराज शर्मा व गणमान्य लोग उपस्थित थे। पूजन के बाद केशव परिक्रमा लगाई गई। दोपहर को केशव रंगमंच पर साफा, मुंछ प्रतियोगताओं में लोगों ने उत्साह से भाग लिया।
आरती कर किया दीपदान
बूंदी महोत्सव पर केशव घाट पर चर्मण्यवती की आरती की गई। इस अवसर पर घाट को रंगोली से सजाया गया। झालर, शंख की ध्वनि के साथ आरती की गई। नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नरेश राठौर के साथ मुखिया शेष नारायण शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन करवाया। इस अवसर पर चर्मण्यवती में दीपदान किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष राजविंता गौचर, मेला समिति अध्यक्ष रामनारायण मेघवाल, हरजीत केवट, गणेश गुर्जर उपस्थित थे।
खानापूर्ति बना महोत्सव
बूंदी महोत्सव में इस बार जनभागीदारी का अभाव रहा। नगरपालिका के अधिकांश पार्षद व गणमान्य लोगों की उपस्थिति खलती रही। सक्षम अधिकारी भी शोभायात्रा, दीपदान, चर्मण्यवती आरती में शामिल नहीं हुए। महोत्सव खानापूर्ति बन कर रह गया। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित महोत्सव में पर्यटन विभाग गायब रहा। पर्यटकों की उपस्थिति भी लोगों को अखरती रही।
खेलकूद प्रतियोगिता का उठाया लुत्फ
तेजाजी चौक पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया यहां पर कबड्डी प्रतियोगिता में बी टीम विजेता रही। मेंहदी प्रतियोगिता में ज्योती कहार प्रथम रही। रस्साकसी महिला पुरुष की भी प्रतियोगिता हुई। मटकी दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा रंगोली, मांडना, चमच दौड़, रूमाल झपट्टा, मूंछ व साफा प्रतियोगिता हुई।
Published on:
11 Nov 2025 06:17 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
