MP News: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपने घर लौटने वाले यात्रियों के लिए इस बार बस किराया एक बड़ा संकट बनकर सामने आया है। भोपाल, दिल्ली और इंदौर से छतरपुर आने वाली बस सेवाओं में सामान्य किराये से दोगुना से अधिक तक किराया वसूला जा रहा है। ऑनलाइन बस टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म से मिले किराया आंकड़ों के अनुसार यह मनमानी स्पष्ट दिख रही है। इस बढ़े हुए किराये ने न केवल यात्रियों को भारी आर्थिक बोझ में डाला है बल्कि स्थानीय परिवहन नियमों और प्रशासनिक निरीक्षण की भी पोल खोल दी है।
भारतीय मोटर वाहन अधिनियम और परिवहन नियमों में यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने को सख्ती से रोकने के प्रावधान हैं। लेकिन त्योहारों के दौरान इस नियम की खुलेआम उल्लंघन हो रही है। अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर वह ऐसी स्थिति में क्यों चुप हैं? इस संबंध में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मधु सिंह से पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया। लेकिन उनका फोन अटेंड नहीं हुआ।
परिवहन विभाग से कई बार शिकायत करने के बाद भी अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। यात्रियों का आरोप है कि यह लापरवाही या फिर मिलीभगत की स्थिति है, जिससे बस ऑपरेटर मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
मजदूर, छात्र और प्रवासी जो त्योहार के दौरान अपने घर लौट रहे हैं, उन्होंने अपनी व्यथा साझा की। एक प्रवासी मजदूर बृजेन्द्र अहिरवार ने कहा, हर साल यही होता है, त्योहार के नाम पर किराया दोगुना हो जाता है। हमारे पास विकल्प भी नहीं, मजबूरन इतना किराया चुकाना पड़ता है। दिल्ली के एक छात्र विकल्प मिश्रा ने बताया, ऑनलाइन टिकट के दाम देखकर हम दंग रह गए, किराया इतना बढ़ा हुआ था कि हम बस को छोड़कर दूसरे विकल्प ढूंढ़ने को मजबूर हो गए।
Published on:
09 Aug 2025 11:46 am