
भारतीय महिला क्रिकेटर (Photo Credit- BCCI Women)
IND-W vs SL-W, ICC Womens ODI World Cup 2025: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का आगाज हो चुका है। गुवाहाटी बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने जीत के लिए 270 रन का लक्ष्य रखा है।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 14 के स्कोर पर स्मृति मंधाना के रूप में टीम को पहला झटका लगा। मंधाना 8 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद ओपनर प्रतिका रावल और हरलीन देओल ने दूसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। रावल 59 गेंद पर 1 छक्का और 3 चौके की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुईं।
देओल ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। टीम का स्कोर जब 120 था, हरलीन 64 गेंद पर 48 रन बनाकर आउट हुईं। हरमनप्रीत कौर 21, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स शून्य पर आउट हुईं। ऋचा घोष भी 2 रन बनाकर आउट हो गईं। भारतीय टीम 27 ओवर में 124 रन पर 6 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर ने सातवें विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला। अमनजोत कौर ने वनडे करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वह 56 गेंद पर 1 छक्का और 5 चौके की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुईं।
आठवें विकेट के लिए दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा के बीच 21 गेंद पर 42 रन की साझेदारी हुई। दीप्ति शर्मा पारी की आखिरी गेंद पर 53 रन बनाकर आउट हुईं। 53 गेंदों पर खेली इस अहम पारी में उन्होंने 3 चौके लगाए। स्नेह राणा 15 गेंद पर 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 28 रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारतीय टीम ने 47 ओवर में 8 विकेट पर 269 रन बनाए। बारिश की वजह से मैच 50 की जगह 47 ओवर का खेला जा रहा है।श्रीलंका के लिए इनोका रणवीरा ने 4, उदेशिका प्रबोधिनी ने 2 विकेट लिए। कप्तान चमारी अट्टापट्टू और अचिनी ने 1-1 विकेट लिए।
भारत की दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर ने श्रीलंका के खिलाफ ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में सातवें विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी दर्ज की। इनोका रणवीरा की बदौलत श्रीलंका ने मेजबान टीम के मध्यक्रम को ध्वस्त किया, जिसके बाद दीप्ति और अमनजोत ने मिलकर 7वें विकेट के लिए 103 रन जोड़े और भारतीय टीम को मुकाबले में ला खड़ा किया।
भारतीय टीम की तरफ से ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में 7वें विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी भारत की स्नेह राणा और पूजा वस्त्राकर के नाम है। दोनों ने 2022 संस्करण में पाकिस्तान के खिलाफ 122 रन की साझेदारी की थी।
Updated on:
01 Oct 2025 12:42 am
Published on:
30 Sept 2025 08:19 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
Women's World Cup 2025
