Shubman Gill, Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का 15 सदस्यीय स्क्वाड घोषित कर दिया गया है। सबसे चौंकाने वाला फैसला यह रहा कि अंतरराष्ट्रीय टी20 में लंबे समय से फ्लॉप रहे शुभमन गिल को न सिर्फ टीम में जगह दी गई है, बल्कि उन्हें उपकप्तान भी नियुक्त किया गया है। जहां श्रेयस अय्यर और यशस्वी जायसवाल जैसे बल्लेबाज व्हाइट बॉल क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं। ऐसे में उन्हें नज़रअंदाज़ कर गिल को मौका देना चयनकर्ताओं पर सवाल खड़े करता है।
शुभमन गिल के अंतरराष्ट्रीय टी20 में हाल के प्रदर्शन में नज़र डाली जाये तो 2023 के बाद से उनका टीम में सबसे खराब औसत और सबसे बुरा स्ट्राइक रेट है। 2023 के बाद गिल ने पावरप्ले में 19 पारियों में 238 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 119.0 और औसत महज 18.31 रहा है। इसके साथ ही उनकी डॉट बॉल प्रतिशत 55.0% है, जो शीर्ष 10 आईसीसी रैंक वाली टीमों के खिलाड़ियों में सबसे खराब प्रदर्शन को दर्शाता है।
खिलाड़ी | टीम | पारियां (Inns) | रन (Runs) | स्ट्राइक रेट (SR) | औसत (AVG) | डॉट % (Dot%) |
---|---|---|---|---|---|---|
इब्राहिम जादरान | अफगानिस्तान | 27 | 323 | 104.2 | 35.89 | 50.60% |
तनजिद हसन | बांग्लादेश | 14 | 206 | 112.0 | 25.75 | 54.30% |
बाबर आज़म | पाकिस्तान | 22 | 303 | 118.4 | 37.88 | 47.20% |
शुभमन गिल | भारत | 19 | 238 | 119.0 | 18.31 | 55.00% |
सैम अयूब | पाकिस्तान | 20 | 223 | 119.3 | 15.93 | 57.70% |
इस सूची में अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान (104.2 स्ट्राइक रेट, 35.89 औसत), बांग्लादेश के तनजिद हसन (112.0 स्ट्राइक रेट, 25.75 औसत), पाकिस्तान के बाबर आजम (118.4 स्ट्राइक रेट, 37.88 औसत), और पाकिस्तान के सैम अयूब (119.3 स्ट्राइक रेट, 15.93 औसत) भी शामिल हैं। हालांकि, शुभमन गिल का औसत और डॉट बॉल प्रतिशत इस सूची में सबसे निचले पायदान पर है, जो उनके पावरप्ले में आक्रामकता की कमी को उजागर करता है।
इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद भारत के लिए न्यूनतम 100 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में स्ट्राइक रेट के मामले में शुभमन गिल आखिरी नंबर पर हैं। गिल ने मात्र 129.25 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। जहां दूसरी तरह अभिषेक शर्मा ने 193.84 स्ट्राइक रेट, संजू सैमसन ने 171.47 के स्ट्राइक रेट, तिलक वर्मा ने 170.66 के स्ट्राइक रेट और यशस्वी जायसवाल ने 170 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
बल्लेबाज | स्ट्राइक रेट |
---|---|
अभिषेक शर्मा | 193.84+ |
संजू सैमसन | 171.47 |
तिलक वर्मा | 170.66 |
यशस्वी जायसवाल | 170.00 |
शिवम दुबे | 167.12 |
सूर्यकुमार यादव | 161.25 |
रुतुराज गायकवाड़ | 158.33 |
रियान पराग | 151.42 |
हार्दिक पांड्या | 145.45 |
रिंकू सिंह | 138.68 |
शुभमन गिल | 129.25 |
संजू, तिलक और अभिषेक को एशिया कप के स्क्वाड में जगह मिली है। लेकिम यशस्वी को नज़रअंदाज़ कर दिया गया है और गिल को तीसरे ओपनर के रूप में चुना गया है। हैरानी की बात यह है कि इस खराब फॉर्म के बावजूद शुभमन गिल को एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। अब जाहीर है उन्हें उपकप्तान बनाया गया है तो सलामी बल्लेबाजी से संजू या अभिषेक में से किसी एक की जगह उन्हें प्लेइंग 11 में शामिल किया जाएगा।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
स्टैंडबाय: प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और यशस्वी जायसवाल
Updated on:
20 Aug 2025 09:56 am
Published on:
20 Aug 2025 08:09 am