- कर्नाटक व केरल में फसल खराब होने का असर, नारियल कारोबारियों का कहना पीने वाले नारियल ने बिगाड़े दाम, बिक रहा 80 रुपए का
ग्वालियर. बहन-भाई के पर्व रक्षाबंधन के मौके पर इस बार गीले नारियल और सूखे गरी गोले के दामों में बड़ा उछाल आया है। प्रदेश भर में ये तेजी देखने को मिल रही है। त्योहार पर जटा वाले गीले नारियल 35 से 40 रुपए में बिक रहे हैं। जबकि कुछ दिन पूर्व तक यही नारियल 15 से 20 रुपए रेट में बिकता था। कमोबेश यही स्थिति पानी के हरे नारियल की भी है, जो नारियल 40 रुपए नग से बिकता था, अब ये 80 रुपए प्रति नग बिक रहा है। गरी का गोला भी 240 से 380 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। नारियल के थोक कारोबारियों के मुताबिक कर्नाटक व केरल में फसल प्रभावित हुई है। इसके चलते पहली बार दाम इतने अधिक बढ़ गए हैं। खेरिज किराना व्यवसायी संघ के अध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल ने बताया कि रक्षाबंधन के बाद गणेश उत्सव, नवरात्र, दशहरा और दीपावली तक नारियल की मांग बनी रहेगी, लेकिन दामों में कमी आना मुश्किल दिख रहा है।
ये हुए दाम
- पानी का गीला नारियल पहले 15-20 रुपए का था, अब 35-40 रुपए का बिक रहा।
- सूखा गरी गोला नारियल पहले 240 रुपए किलो था, अब इसके दाम 380 रुपए किलो है।
- खोपरा बूरा पहले 240 रुपए किलो था, अब ये 400 रुपए किलो बिक रहा।
कच्चे नारियल के कारण बढ़ रहे दाम
नारियल के थोक कारोबारी प्रमोद कुमार गोयल ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के बाद से नारियल के दामों में तेजी आना शुरू हो गई थी। ग्वालियर में गीले नारियल की आवक आंध्रप्रदेश, तमिलनाडू से और सूखे नारियल की आवक केरला से होती है। शहर में रोजाना गीले नारियल की करीब 350 बोरियां बिक जाती हैं, त्योहार के समय ये संख्या दोगुनी से अधिक हो जाती है। दूसरा इस बार गर्मी में कच्चे नारियल पानी की बिक्री ज्यादा रही। क्योंकि नारियल पकने में समय लगता है और कच्चे नारियल की कीमत भी अच्छी मिल जाती है। इसलिए नारियल के दाम आसमान छू रहे हैं।
कर्नाटक व केरल में फसल प्रभावित
कर्नाटक व केरल में नारियल की फसल इस बार प्रभावित हुई है। आइसक्रीम और चॉकलेट जैसे नारियल से बने उत्पाद लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। इसकी वजह से कच्चे नारियल और नारियल दोनों की मांग बढ़ी है। पिछले दो सालों में नारियल से बने सब-प्रॉडक्ट्स जैसे आइसक्रीम और चॉकलेट के उत्पादन में 40 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। ऐसे में मांग के मुताबिक नारियल की उपलब्धता न होने से दामों में इजाफा देखने को मिल रहा है।
Published on:
06 Aug 2025 08:40 pm