13 अगस्त 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

रक्षाबंधन महोत्सव: मूक-बधिर बच्चों संग बंधा प्रेम का धागा, मुस्कुराहटों से महका रक्षा बंधन

बोल न सके, सुन न सके, पर आंखों ने सब कह दिया, रंगों और राखी की डोर ने दिल से दिल जोड़ दिया। कुछ इसी अनूठे अंदाज में शनिवार को यहां हुब्बल्ली (कर्नाटक) के गुरुनाथ नगर स्थित प्रियदर्शिनी मूक-बधिर विद्यालय में रक्षा बंधन का पावन पर्व मनाया गया। विद्यालय प्रांगण में बच्चों की हंसी, रंगों की खुशबू और रक्षासूत्र की डोर ने सभी के दिलों को जोड़ दिया।

रक्षा बंधन के पावन पर्व पर शनिवार को हुब्बल्ली के प्रियदर्शिनी मूक बधिर विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों के साथ वर्धमान जैन किशोर मंडल के सदस्य।
रक्षा बंधन के पावन पर्व पर शनिवार को हुब्बल्ली के प्रियदर्शिनी मूक बधिर विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों के साथ वर्धमान जैन किशोर मंडल के सदस्य।

राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली एवं वर्धमान जैन किशोर मंडल की संंयुक्त मेजबानी में आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव के अवसर पर बेटियों ने विद्यालय के मूक-बधिर विद्यार्थियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। राखी पाकर बच्चों की आंखों में चमक और चेहरे पर खिली मुस्कान ने माहौल को भावुक कर दिया।

बताई रंग संयोजन की महत्ता
प्रतियोगिता की निर्णायिका रीनल भूरट जैन ने बच्चों को प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देते हुए आकर्षक आकृतियां और रंग संयोजन के महत्व को समझाया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और भावनाओं को रंगों में ढालते हुए रक्षा बंधन की सुंदर झलकियां चित्रों में उकेरीं। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। भूरट ने बच्चों के बनाए चित्रों की प्रशंसा करते हुए उनकी हौसला अफजाई की।

इशारों में बोलने व पढऩे का प्रशिक्षण
प्रारम्भ में राजस्थान पत्रिका हुब्बल्ली के संपादकीय प्रभारी अशोक सिंह राजपुरोहित ने राजस्थान पत्रिका के सामाजिक सरोकार एवं रक्षा बंधन की महत्ता के बारे में जानकारी दी। प्रियदर्शिनी मूक-बधिर आवासीय विद्यालय की प्रभारी गिरिजा नायक ने कहा कि मूक-बधिर बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष अध्यापक नियुक्त है। ये उन्हें इशारों में बोलने व पढने का प्रशिक्षण देते हैं। मयूरी गोगड़ ने भी अपने विचार रखे।

वर्धमान जैन किशोर मंडल की टीम
वर्धमान जैन किशोर मंडल हुब्बल्ली के अध्यक्ष विनीत गोलेच्छा, सचिव अक्षय गोगड़ के साथ ही निर्वाण कवाड़, वैभव कटारिया, तुषार डागा, वंश साकरिया एवं हर्ष जीरावाला ने सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। सभी प्रतिभागियों को पेपर सीट, कलर एवं स्टेशनरी के साथ ही अन्य सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर मयूरी गोगड़, खुशी बोहरा, प्रियल बोहरा एवं खुशी तातेड़ ने सभी विद्यार्थियों को रक्षा बंधन पर्व पर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। वर्धमान जैन किशोर मंडल के सदस्यों ने बच्चों को रक्षा बंधन का महत्व बताते हुए प्रेम, स्नेह और आपसी सहयोग का संदेश दिया।

ये बने प्रतियोगिता के विजेता
इस अवसर पर कक्षा पहली से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता को तीन वर्गों में विभाजित किया गया। जूनियर और सीनियर वर्ग के लिए विषय हमारा रक्षा बंधन त्योहार रखा गया, जबकि सब-जूनियर वर्ग को मनपसंद चित्र बनाने का अवसर दिया गया। सीनियर वर्ग में गणेश प्रथम, प्रज्वल द्वितीय एवं शाहिद तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में यलप्पा प्रथम, साहना द्वितीय एवं सदाशिव तृतीय रहे। सब जूनियर वर्ग में पूर्णिमा प्रथम, आदविक द्वितीय एवं तेजस्विनी तृतीय रही।