longest flyover : संस्कारधानी के लोगों का पांच साल का इंतजार खत्म होगा। प्रदेश का सबसे लंबा (6.85 किमी) मदन महल-दमोहनाका फ्लाईओवर 23 अगस्त से गति पकड़ेगा। इसके लोकार्पण करने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आएंगे। नए फ्लाईओवर से दमोहनाका और मदनमहल के क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा। शहर के इस प्रमुख क्षेत्र दशमेश द्वार, रानीताल और दमोहनाका बार-बार लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी।
यह फ्लाईओवर कई मायनों में अनोखा है। एक तो प्रदेशभर का सबसे लम्बा फ्लाईओवर है। इस पर मदन महल स्टेशन के ऊपर बना केबिल स्टे ब्रिज रेलवे लाइन पर बना सबसे लम्बा केबिल स्टे ब्रिज है। इसकी लम्बाई 385.5 मीटर है। इस केबिल स्टे ब्रिज को देखने के लिए भी लोगों में कौतूहल है।
इसका निर्माण जनवरी 2020 से शुरू हुआ था। पूर्व में इसके एक हिस्से में यातायात शुरू हो चुका है। अभी लोग एलआईसी छोर से महानद्दा के रैम्प का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस दौरान मदनमहल चौराहा के ऊपर एक आकर्षक रोटरी भी पड़ती है। इसी जगह से एक लेन मदन महल रेलवे स्टेशन के ऊपर से रानीताल, बल्देवबाग होते हुए दमोहनाका पहुंचेगी। बीच में रैम्प हैं जिनसे शहर के भीतर पहुंचना आसान होगा।
इस फ्लाई ओवर में आठ रैम्प बनाए गए हैं, जो शहर के अलग-अलग क्षेत्रों को जोड़ते हैं। मुख्य रैम्प की चौड़ाई 12 मीटर है। इनमें एलआइसी से महानद्दा रैम्प और दीनदयाल चौक तथा गोहलपुर जाने वाले मार्ग का रैम्प शामिल है। बाकी रैम्प की चौड़ाई्र 8.40 मीटर है। इनमें मदन महल रेलवे स्टेशन के पास स्नेहनगर लिंक रोड और पश्चिम मध्य रेलवे के उत्सव सामुदायिक भवन के सामने उतरा रैम्प, यातायात थाना मार्ग और यादव कॉलोनी की तरफ जाने वाला रैम्प शामिल है।
दमोहनाका से मदनमहल तक बने सबसे बड़े (फ्लाई ओवर ब्रिज) एलीवेटेड कॉरीडोर के लोकार्पण के लिए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की। उन्होंने लोकार्पण कार्यक्रम के लिए गडकऱी को आमंत्रित किया।
Updated on:
09 Aug 2025 07:00 pm
Published on:
09 Aug 2025 06:46 pm