राजस्थान में शिक्षा विभाग ने 69 वीं जिला और राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। झुंझुनूं जिले के हिस्से में स्टेट लेवल की तीन प्रतियोगिताएं आई हैं। महात्मा गांधी राजकीय स्कूल चिड़ावा में छात्र-छात्रा वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता होगी। बिसाऊ में छात्र-छात्राओं की कराटे प्रतियोगिता होगी। इसी प्रकार राजकीय उच्च माध्यमिक स्कलनावता में साइकिलिंग रोड की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी।शारीरिक शिक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की संख्या तय कर दी गई है। कुल 33 प्रकार के खेल होंगे। खेलों को चार समूहों में बांटा गया है। प्रतियोगिताएं 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में होंगी। तैराकी और एथलेटिक्स में हर इवेंट में दो खिलाड़ी भाग लेंगे। रिले में चार खिलाड़ी होंगे। जूडो, कुस्ती, बॉक्सिंग, कराटे, वेट लिफ्टिंग में हर वजन वर्ग से एक खिलाड़ी चुना जाएगा। ताइक्वांडो में उच्च माध्यमिक स्कूल स्तर पर 21 और मा.वि. स्तर पर 26 खिलाड़ी होंगे। राइफल शूटिंग में हर इवेंट में तीन खिलाड़ी भाग लेंगे ।
टीम खेलों में बॉलीबॉल, हैंडबॉल, हॉकी सॉफ्टबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, नेटबॉल, रग्बी फुटबॉल में 12 से 18 खिलाड़ियों की टीम होगी। बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, शतरंज में 5-5 खिलाड़ी होंगे। मलांब में 4, योगा में 7 और रोलर स्केटिंग में 12 खिलाड़ी भाग लेंगे। रिले में समय के आधार पर श्रेष्ठ चार खिलाड़ी चुने जाएंगे। कुश्ती और जूडो में हर भार वर्ग से प्रथम स्थान वाला खिलाड़ी चुना जाएगा। तीरंदाजी के इंडियन, फीटा और कम्पाउंड राउंड में कुल अंकों के 30 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले खिलाड़ी ही चयनित होंगे। उप निदेशक खेलकूद ने बताया कि स्कूल गेम्स फैडरेशन ऑफ इंडिया ने यदि तारीख में बदलाव किया तो राजस्थान में तारीख बदली जाएगी।
स्कूल स्तर की सभी प्रतियोगिताएं 25 अगस्त से पहले संपन्न होंगी। प्रथम समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 30 अगस्त से 3 सितंबर तक चलेगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 12 से 18 सितंबर तक चलेंगी। द्वितीय समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 14 सितंबर तक व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 21 से 27 सितंबर तक होंगी। तृतीय समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 19 से 23 सितंबर तक होंगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक होंगी। चतुर्थ समूह की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 8 से 12 अक्टूबर तक हों गी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 29 अक्टूबर से 4 नवंबर तक होंगी।
शिक्षा विभाग ने खेल कैलेंडर जारी कर दिया है। झुंझुनूं जिले में स्टेट लेवल की तीन प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाडि़यों में उत्साह है। तैयारियां शुरू कर दी गई है।
रामेश्वरी, उप जिला शिक्षा अधिकारी खेल
Published on:
15 Jul 2025 12:05 pm