मौसम विभाग ने जोधपुर के प्रशासनिक अधिकारियों को भी राहत दे दी है। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त तक बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में 15 अगस्त की शाम से मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद है। अगले दिन 16 अगस्त से बारिश का मौसम बनेगा, जो तीन दिन चार जारी रहेगा। इस दौरान मानसून की ट्रफ लाइन प्रदेश के ऊपर सामान्य स्थिति में होगी।
वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन पंजाब, उत्तरप्रदेश व बिहार होते हुए गुजर रही है इसलिए जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान मानसूनी बादल भी नहीं बन रहे हैं। अत्यधिक नमी के कारण स्थानीय बादल बन रहे हैं, जो पाकिस्तान से आ रही तेज गर्म हवा के कारण शाम को टूट रहे हैं। हवा तेज होने से बादल रुक भी नहीं रहे हैं। पांच दिन बाद मानसून के अनुकूल मौसम बनने से राहत की बौछारें मिलने की उम्मीद है।
शहर में मानसून ने 18 जून को प्रवेश किया था। उसके बाद रुक-रुक लगातार बरसात हो रही थी। मानसून की एक समान पूरे दिन भर बरसात अंतिम बार 26 जुलाई को हुई थी। इस दौरान तापमान भी तीस डिग्री के पास आ गया था। इसके बाद बरसात एक अगस्त को सुबह भी हुई थी,लेकिन यह छितराई बारिश थी। एक अगस्त की सुबह बारिश के बाद जो उमस का मौसम बना था, वह अब तक जारी है। उमस ने बीते एक पखवाड़े से हलकान किए रखा है।
शहर में रविवार को न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री रहा। सुबह से ही उमस भरा मौसम बना हुआ था जिसके दिनभर लोग तपिश से परेशान रहे। दोपहर में तापमान 35 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। शहर में करीब एक महीने बाद दिन का तापमान 35 डिग्री को छुआ है। इससे पहले 13 जुलाई को पारा 35.1 डिग्री रहा था। उसके बाद तापमान अब तक 35 डिग्री तक नहीं पहुंचा था।
मानसून के मेघ भले ही एक पखवाड़े से शांत बैठे हैं, बावजूद इसके जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान में 10 अगस्त तक औसत से अधिक बारिश रिकॉर्ड में है।
यह वीडियो भी देखें
जोधपुर - 295.7 - 64%
जैसलमेर - 147 - 37%
बाड़मेर - 205.6 - 22%
जालोर - 383.3 - 47%
पाली - 537.0 - 79%
नागौर - 452.6 - 88%
(बारिश का डाटा मिलीमीटर में है।)
Updated on:
10 Aug 2025 09:50 pm
Published on:
11 Aug 2025 06:00 am