Congress Protest: परलकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर कांग्रेस पार्टी का अनिश्चितकालीन धरना छठवें दिन भी जारी रहा। कांग्रेस द्वारा रखी गई सात सूत्री मांगों को लेकर चल रहे इस आंदोलन को अब राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं का भी समर्थन मिल रहा है। धरना स्थल पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेश ठाकुर, प्रदेश सचिव जनक नंदन कश्यप और जिलाध्यक्ष सुभद्रा सलाम पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों को संबोधित कर पूरा समर्थन देने की बात कही।
स्थानीय संगठनों का भी इस आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। क्रांतिकारी विचार मंच के हरपाल सिंह, आदिवासी छात्र संगठन के राजेश नुरेटी और सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सियाराम पुड़ो ने इसे जनहित में आवश्यक बताते हुए शासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। हालांकि इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पास ही विरोध प्रदर्शन किया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत विश्वास ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक फायदे के लिए नहीं, बल्कि परलकोट के नागरिकों की स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए है। उन्होंने बताया कि स्थानीय सिविल अस्पताल की हालत बेहद खराब है, जिससे लोगों को इलाज के लिए दूर शहरों में जाना पड़ता है। नगर पंचायत पखांजूर के पार्षद और कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राजदीप हालदार ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कई बुनियादी सुविधाएं दी गईं, जैसे सीसी सड़क, नाली, समाज भवन, डोम शेड और जलाशय परियोजनाएं।
आज भी इन्हीं योजनाओं पर काम हो रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुप्रकाश मलिक ने कहा कि आंदोलन का मकसद है परलकोट की जनता की आवाज़ सरकार तक पहुंचाना। जब तक सिविल अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो जाती, धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर रुपसिंह पोटाई, अमर मंडल, सिद्धार्थ बढ़ाई, भुवन बढ़ाई, नीलाक्षी विश्वास, मनीषा जायसवाल, देवली नुरेटी, गोपाल कुंडू, निहार सरकार, हर्षित मृधा आदि मौजूद रहे।
धरना स्थल पर कांग्रेस ने बीजेपी पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत विश्वास ने कहा कि शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल के सामने काला झंडा दिखाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और थोड़ी दूरी पर राजेश तिवारी का पुतला जलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब हताश और निराश हो चुकी है। परलकोट का एकमात्र सिविल हॉस्पिटल बदहाली से गुजर रहा है और भाजपाई लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
Congress Protest: पार्षद और मंडल अध्यक्ष राजदीप हालदार ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पखांजूर को विकास की सौगातें मिली थीं। चाहे वो सीसी सड़क, नाली, तालाबों का सौंदर्यीकरण हो या समाज भवन और डोम शेड, सभी काम राजेश तिवारी की पहल पर हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि 30 करोड़ की लागत वाली माटोली से अंजाड़ी नाला तक टू-लेन सड़क और 100 करोड़ की नहर लाइनिंग परियोजना को भाजपा सरकार ने रोक दिया। आज भी जितने काम हो रहे हैं, वे कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत हुए थे।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुप्रकाश मलिक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। जनता अब सच्चाई समझ रही है। उन्होंने भाजपा को खुले मंच पर बहस की चुनौती दी। परलकोट की जनता अब भी बेहतर इलाज के लिए रायपुर और धमतरी जा रही है। लोग अपनी जमीनें बेचकर इलाज करवा रहे हैं, लेकिन स्थानीय अस्पताल की हालत पर भाजपा चुप है। आंदोलन में अमर मंडल, सिद्धार्थ बढ़ाई, गब्बर लकड़ा, दिलीप विश्वास, रमेन सरकार, किशोर सिकदार, तारक गोलदार सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।
Updated on:
19 Aug 2025 02:27 pm
Published on:
19 Aug 2025 02:15 pm