
Sansad khel mahotsav in katni
कटनी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया एवं फिट फॉर युवा विकसित भारत अभियान को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय खेल मैदान (फॉरेस्टर मैदान) में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल मुरूगन मुख्य अतिथि रहे, जबकि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार विशेष अतिथि और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा संयोजक रहे। रंग-बिरंगी आतिशबाजी, बच्चों के मार्चपास्ट और उमंग से भरे माहौल में शुरू हुआ यह महोत्सव पूरे एक माह तक चलेगा, जिसमें स्कूली व ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों खिलाड़ी भाग लेंगे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मंत्री एल मुरूगन ने कहा कि सांसद वीडी शर्मा ने विशाल खेल महोत्सव का आयोजन किया है। जो एक माह तक चलेगा। इसके लिए 75 हजार युवाओं ने पंजीयन कराया है। जो किसी भी संसदीय क्षेत्र में सर्वाधिक है। प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच खेलो इंडिया के माध्यम से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन गांव-गांव की युवा खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प का जिक्र करते हुए युवाओं को पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम के विकसित और मजबूत भारत बनाने के मिशन को फलीभूत करने में युवाओं की बड़ी भूमिका का उल्लेख किया। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अगले 25 साल में विश्व का नेतृत्व करेगा।
खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में लगभग 75 हजार खिलाडियों का पंजीयन किया जा चुका है। खेलो इंडिया के तहत कटनी से प्रारंभ हो रहे खजुराहो लोकसभा के सांसद खेल महोत्सव में गांव-गांव के खिलाडिय़ों की सहभागिता के प्रयास किए जाएंगे। ताकि वे अपने खेल का प्रदर्शन कर खेल प्रतिभा को निखार सकें। कटनी, पन्ना एवं छतरपुर के खिलाडिय़ों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए खेल मैदानों का विकास कार्य निरंतर जारी है। सांसद ने विधायक जायसवाल की मांग पर करीब साढ़े 7 करोड़ की लागत से प्रस्तावित मल्टीपरपज हाल के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए व केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री मुरूगन ने 1 करोड़ रुपए निधि से 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशानुरूप सांसद खेल महोत्सव में अनेक खेलों को शामिल किया गया है। पूर्व में भी कटनी में इसी फारेस्टर प्लेग्राउण्ड में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर खिलाडिय़ों को प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड में निर्माणाधीन स्टेडियम में अत्याधुनिक एस्ट्रो टर्फ, बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस कोर्ट व लॉन टेनिस कोर्ट बन रहा है, जिससे यहां एक साथ 12 प्रकार के खेलों का आयोजन हो सकेगा। अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सत्येन्द्र सिंह लोहिया, केदार जाधव ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत खेल ध्वज फहराने से हुई। इसके बाद स्कूली बच्चों एवं खिलाडिय़ों ने आकर्षक मार्चपास्ट निकाला, जिसकी सलामी अतिथियों ने ली। एक माह तक चलने वाले इस महोत्सव के सेमीफाइनल खजुराहो में तथा समापन पन्ना में होगा। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के सहयोग से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
अतिथियों ने महिला कबड्डी मैच में खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया। इसके बाद कुश्ती एवं महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। खिलाडिय़ों के उत्साह ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित खेल प्रतिभाओं, वरिष्ठ खिलाडिय़ों खेल प्रशिक्षकों एवं महोत्सव में विशेष भूमिका निभाने वाले सहयोगियों का सम्मान किया गया।
इस दौरान विधायक संदीप जायसवाल, संजय पाठक, प्रणय पांडेय, धीरेन्द्र बहादुर सिंह, अरविंद पटेरिया, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रहलाद लोधी सहित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी केदार जाधव, अंतर्राष्ट्रीय तैराक सत्येन्द्र सिंह लोहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, महापौर प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, रामरतन पायल, मृदुल द्विवेदी, रवि खरे, कौशलेश मिश्रा, पप्पू मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों सहित बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों की उपस्थिति रही।
Published on:
26 Nov 2025 09:23 pm
बड़ी खबरें
View Allकटनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
