
अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर लगाया वोट काटने का आरोप, PC- ANI
लखनऊ : सपा मुखिया अखिलेश यादव ने SIR में घपलेबाजी का दावा किया है। सपा मुखिया का कहना है कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर भाजपा गड़बड़ी की तैयारी कर रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जिन सीटों पर जीती है, वहां की विधानसभा सीटों पर 50 हजार वोट काटने की तैयारी में है। यूपी के बाद ऐसा ही वेस्ट बंगाल में होने वाला है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत विपक्ष के वोटरों का लिस्ट से नाम हटाने की कोशिश नई बात नहीं है, लेकिन अब इसे संगठित तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लगातार बूथ स्तर पर समीक्षा कर रही है और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि हर वोटर का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज रहे। अखिलेश यादव ने यह बातें अपने पिता मुलायम सिंह यादव की 85वीं जयंती पर लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, हमने उप-चुनाव में चुनाव आयोग की भूमिका देखी है। 2022 में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटा दिए गए थे। चुनाव आयोग राजनीतिक दलों को SOP जारी कर दे कि क्या और कैसे करना है। बीजेपी को पता है कि कब शादियां अधिक होती हैं, उसी समय SIR कराया जा रहा है। यह जानबूझकर किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा वोट कट जाएं। SIR का समय बढ़ाया जाए…हमारी यही मांग है।
यूपी जनसंख्या की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा स्टेट है। यहां अधिकारी किसी और के कंट्रोल में हैं, तो समझ लीजिए अधिकारी क्या करेंगे? अभी चुनाव में 415 दिन बचे हैं। साजिश है कि यूपी और वेस्ट बंगाल में हर विधानसभा से 50 हजार से अधिक नाम काटे जाएं। लेकिन, हम ये होने नहीं देंगे, हमारी पार्टी और कार्यकर्ता इसके लिए तैयार हैं। हम लोकतंत्र को बचाने के लिए मेहनत करेंगे।
इशारों-इशारों में अखिलेश यादव ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा। उन्होंने कहा - अभी हमें SIR में उलझाया गया है, हमें कागज की भी लड़ाई लड़नी होगी, चुनाव जीतना है हमें.. जब भी संघर्ष के लिए उतरने के लिए कहेंगे, उतर जाएंगे, जहां कहोगे वहां कूद जाएंगे, लेकिन कूदने में हमें प्रतियोगिता नहीं करनी है, कुछ लोगों का पहनावा ऐसा है कि वो कूद भी नहीं सकते हैं।
Published on:
22 Nov 2025 03:29 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
