Live video: उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार रात एक सेना के जवान पर टोल प्लाजा कर्मियों ने हमला कर दिया। जवान की पहचान कपिल कवाड़ के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आर्मी का जवान कपिल अपने चचेरे भाई के साथ ड्यूटी पर लौटने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे जा रहा था, तभी यह झगड़ा हुआ। यह घटना मेरठ-करनाल राजमार्ग पर भूनी टोल प्लाजा पर हुई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फुटेज में कई टोल कर्मचारी कवाड़ की पिटाई करते और उसे एक खंभे से बांधते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जवान कपिल की इस वक्त तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। टोल फीस को लेकर आर्मी के जवान और टोलकर्मियों को बीच जमकर बहस हुई। देखते ही देखते मामला बिगड़ता चला गया। जिसके बाद टोलकर्मियों ने जवान को बुरी तरह से पीट दिया। जवान के पैरों पर डंडा भी मारा गया।
मामले में मेरठ पुलिस ने संज्ञान लिया है। मेरठ पुलिस से ऑफिशियल X अकाउंट पर पोस्ट किया गया,'' थानाक्षेत्र सरूरपुर अन्तर्गत भूनी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों द्वारा भारतीय सेना के जवान के साथ की गयी मारपीट की घटना में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। '' पुलिस ने पुष्टि की है कि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है तथा जांच के तहत टोल प्लाजा के CCTV फुटेज की समीक्षा की जा रही है।
Published on:
18 Aug 2025 11:25 am