UP Crime: उत्तर प्रदेश के मेरठ से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। एक 30 साल के युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक का नाम असलम बताया जा रहा है। वारदात को तड़के 7.41 बजे अंजाम दिया गया है। घटना लिसाड़ी गेट थाना इलाके के मजीद नगर की बताई जा रही है। पूरी घटना पास लगे CCTV में कैद हो गई। पुलिस का कहना है कि परिवार में रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई।
पुलिस का कहना है कि असलम पर डेढ़ साल पहले भी हमला किया गया था। इस दौरान भी उसे गोली मारी गई थी, समय पर इलाज मिलने की वजह से उसकी जान बच सकी थी। बावर्ची असलम की एक डेढ़ साल की बेटी भी है।
मृतक की पत्नी फरीदा का कहना है कि प्रॉपर्टी के विवाद के चलते देवर शहंशाह ने उसके पति को गोली मारी है। आरोप लगाते हुए मृतक की पत्नी ने कहा कि शहंशाह ने पहले भी असलम पर हमला करवाया था, जिसको लेकर मुकदमा भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि मकबरा डिग्गी में रेलवे रोड थाना इलाके में उसका देवर रहता है। मामले में कार्रवाई करते हुए दो रिश्तेदारों को हिरासत में लिया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद ACP अंतरिक्ष जैन, SP सिटी आयुष विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। आसपास के इलाके की कई CCTV फुटेज को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मामले को लेकर SP सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पूछताछ में परिजनों ने बताया कि साल 2022-23 से भाइयों और रिश्तेदारों से रंजिश चल रही है। प्रॉपर्टी को लेकर विवाद दोनों भाइयों के बीच चल रहा है। जिसका मामला भी कोर्ट में चल रहा है। कुछ लोगों पर परिजनों ने आरोप लगाया है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ जारी है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को भेज दिया गया है। पुलिस की 3 टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं।
Updated on:
09 Aug 2025 01:11 pm
Published on:
09 Aug 2025 01:10 pm