11 अगस्त 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

NHAI ने उठाए कदम, 66 स्ट्रीट लाइटों से चमकेगा ‘4-लेन नर्मदा ब्रिज’

MP News: ब्रिज पर लोगों के पैदल चलने के लिए सड़क के दोनों तरफ एक गैलरी बनाई गई है। यहां स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात में लोगों को असुविधा होती थी.....

प्रतिकात्मक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
प्रतिकात्मक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)

MP News: अब दिल्ली- मुंबई की तरह फोरलेन नर्मदा ब्रिज भी चमकेगा। एमपी में औबेदुल्लागंज से केसला तक जाने वाली फोरलेन-46 का नर्मदा ब्रिज आकर्षक लाइटों से जगमग होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई ) ने ब्रिज का सौंदर्यीकरण शुरू किया है। इसमें पहले चरण में स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इन्हें लगभग एक सप्ताह में चालू कर दिया जाएगा।

इसके बाद ब्रिज रात में दूधिया रोशनी से नहा जाएगा। जानकारी के मुताबिक औबेदुल्लागंज से केसला तक 61 किलोमीटर लंबे फोरलेन-46 का नर्मदा ब्रिज सबसे महत्वपूर्ण है। यहां राहगीर रूक कर मां नर्मदा पूजन अचर्न करते हैं।

66 लाख रुपए की लागत से लगी लाइटें

ब्रिज पर लोगों के पैदल चलने के लिए सड़क के दोनों तरफ एक गैलरी बनाई गई है। यहां स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात में लोगों को असुविधा होती थी। एनएचएआई ने लगभग 66 लाख रुपए की लागत से 66 स्ट्रीट लाइटें लगवाई हैं। सड़क के दोनों तरफ लगाई गई स्ट्रीट लाइट की ऊंचाई सामान्य लाइटों से अधिक है। इसकी लाइट का प्रकाश रोड को रोशन कर देगा।

स्ट्रीट लाइटों को इस तकनीक से लगाया गया है कि इसकी चमक वाहन चालकों को विचलित नहीं करेगी। ब्रिज पर स्ट्रीट लाइटों का मेंटेनेंस और मॉनीटरिंग के लिए भी एक टीम बनाई गई है। यह रोजाना ब्रिज पर लगी लाइटों का जांच करेगी। कोई भी खराबी आने पर उसे तत्काल सुधारा जाएगा।

लाइट पर आंधी बारिश का भी नहीं होगा असर

ब्रिज पर लगाई गई डिजाइन वाली प्रत्येक स्ट्रीट लाईट लगभग एक लाख रुपए की कीमत की है। इसपर बारिश आंधी का असर भी नहीं होता है। इसमें बार बार खराबी भी नहीं आती है। जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी नहीं होगी। जानकार बताते हैं कि फोरलेन-46 का नर्मदा ब्रिज का सौंदर्यीकरण होने से यह शहर का दर्शनीय स्थल भी बन जाएगा। लोग ब्रिज की लाइटिंग देखने के लिए पहुंचेंगे। नर्मदा तवा के संगम स्थल बांद्राभान जाने वाले लोगों के लिए भी यह आकर्षण का केंद्र बनेगा।

ब्रिज की सफाई के लिए बनाई व्यवस्था

घानाबढ़ और बुदनी के बीच बने नर्मदा ब्रिज की साफ सफाई के लिए भी विशेष व्यवस्था बनी है। नियमित रूप से ब्रिज पर अमला सफाई करेगा। नर्मदा किनारे दोनों तरफ आवागमन के लिए बनी गैलरी में बारिश के बाद जमा हुई रेत मिट्टी को भी हटाया जा रहा है।

जल्दी ही स्ट्रीट लाइटें चालू होंगी

फोरलेन 46 के नर्मदा ब्रिज का सौदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके लिए ब्रिज पर 66 विशेष स्ट्रीट लाइट लगावाई हैं। इसमें ब्रिजली कनेक्शन देने के लिए काम किया जा रहा है। जल्द ही ब्रिज पर स्ट्रीट लाइट जलने लगेंगी। - अंजली शर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर एनएचएआई नर्मदापुरम