मौसम का कहर : मुम्बई में 8 की मौत
देशभर में चल रही भारी बारिश ने आर्थिक राजधानी मुंबई समेत कई शहरों के हालात बिगाड़ दिए। तीन दिन से मायानगरी का जनजीवन ठप है। सरकार ने नांदेड़ में बारिश जनित हादसों में 8 जनों की मौत होने की पुष्टि की है।
मुंबई में जलभराव के कारण सड़क-रेल, मेट्रो, हवाई सेवा बेहाल हो गई। मंगलवार शाम यात्रियों की भीड़ के दबाव व बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद मोनो रेल बीच में अटकने से करीब 700 यात्री फंस गए।
आपदा-दलों ने कोच के शीशे तोड़कर यात्रियों को बमुश्किल बचाया। महानगर में स्कूल-कॉलेज सोमवार से ही बंद है। मंगलवार को सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित किया। बीते 84 घंटों में मुंबई में 500 एमएम से अधिक बरसात दर्ज की गई।
नांदेड़ व पुणे में अत्यधिक बारिश से हालात बिगड़ गए। महाराष्ट्र व कोंकण क्षेत्र के नदियां उफान पर है। बांध ओवरफ्लो हो चुके हैं। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र्र, तटीय कर्नाटक में अत्यधिक भारी एवं मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, हरियाणा, मराठवाड़ा, गुजरात क्षेत्र, उत्तरी व आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, मेघालय में भारी बारिश हुई। आइएमडी के रेड अलर्ट के अनुसार मुंबई, कोंकण, उत्तरी-दक्षिणी व तटीय राज्यों क्षेत्रों के कई शहरों में अगले दो दिन भारी रहने वाले हैं।
गेटवे ऑफ इंडिया पर समुद्र की ऊंची लहरें -
भारी बारिश से मुंबई के मशहूर गेटवे ऑफ इंडिया पर समुद्र की ऊंची लहरें उठीं। वहीं बारिश के बीच महानगर में मोनो रेल अधर में अटक गई। एयरपोर्ट पर इंडिगो की यात्री बस में आग लग गई। उधर, दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बहर रही है। यमुना बाजार इलाके में पानी भर गया। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बादल फटने के बाद सरवरी नदी उफान पर है। इसमें आई बाढ़ के बाद एक पुल और सड़क बह गई।
Updated on:
20 Aug 2025 01:01 am
Published on:
20 Aug 2025 12:58 am