पवन सिंह को लेकर बोले चिराग पासवान (Photo-IANS)
Bihar Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनावों की तारीखों का जल्द ही ऐलान होने वाला है। इससे पहले नेताओं का पार्टियों में शामिल होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। मंगलवार को भोजपुरी गायक पवन सिंह ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। पवन सिंह द्वारा दोनों नेताओं से मिलने के बाद चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- यदि पवन सिंह बीजेपी में शामिल होते है तो एनडीए गठबंधन को फायदा होगा।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा- वह पहले से ही गठबंधन का हिस्सा थे। निस्संदेह, चुनाव के दौरान उनके निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ने से गठबंधन के भीतर चिंता बढ़ गई थी। इससे सबसे ज्यादा नुकसान उपेन्द्र कुशवाह को हुआ था। लेकिन अब जब वे मिल गए हैं, तो कोई भी मतभेद दूर हो गया होगा। मैं पवन को लंबे समय से जानता हूं। अगर वह शामिल होते हैं, तो गठबंधन को और फायदा होगा।
पवन सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- जातिवादी राजनीति के पोषकों के दिल पर आज ये फोटो देख के सांप लोट रहा होगा। लेकिन जिनके दिल में विकसित बिहार का सपना बसता है, वो कब तक एक दूसरे से दूर रह सकते हैं। पवन सिंह ने अमित शाह, जेपी नड्डा और उपेंद्र कुशवाहा के साथ फोटो शेयर किया।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में पवन सिंह ने बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। उनकी मौजूदगी का असर यह हुआ कि उपेंद्र कुशवाहा को हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी नाराजगी जताई थी। इसके चलते बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा की सदस्यता दिलाई थी।
वहीं अब सियासी गलियारों में चर्चा है कि पवन सिंह विधानसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं। बीजेपी पवन सिंह को आरा से टिकट दे सकती है। अगर पवन सिंह आरा से चुनाव लड़ते हैं तो इसका असर पूरे शाहाबाद क्षेत्र की राजनीति पर देखा जा सकता है।
Updated on:
30 Sept 2025 07:06 pm
Published on:
30 Sept 2025 07:05 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
बिहार चुनाव 2025