Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आपकी बातः वनों के संरक्षण के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं?

पाठकों ने इस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी हैं। प्रस्तुत है पाठकों की चुनिंदा प्रतिक्रियाएं

3 min read
Google source verification

जयपुर

image

Opinion Desk

Nov 11, 2025

वनों की कटाई पर रोक लगाएं
विकास के नाम पर वनों की अनियंत्रित कटाई पर रोक लगानी चाहिए। केंद्र व राज्य सरकार को वन संरक्षण के लिए ठोस कानून बनाने चाहिए। स्थानीय स्तर पर लोगों को वनों के महत्त्व से परिचित कराकर वन संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सकता है। - नरेन्द्र योगी, सांभरलेक

जागरूकता से होगा वन संरक्षण
वृक्षारोपण करके और वनों की अवैध कटाई पर रोक लगाकर वनों का संरक्षण किया जा सकता है। पारिस्थितिक तंत्र की रक्षा, जैव विविधता की रक्षा, वनों और वन्यजीवों की रक्षा करके भी इनका संरक्षण किया जा सकता है। जागरूकता फैलाना, वन्यजीव अभ्यारण्य व राष्ट्रीय अभ्यारण्य स्थापित करना और वनों को आग से बचाना भी कारगर कदम है। - शिवजी लाल मीना, जयपुर

अपने नाम का एक पेड़ लगाएं
वनों के संरक्षण के लिए आज की युवा पीढ़ी को अपने नाम का एक पेड़ लगाना चाहिए ताकि युवा अपने नाम के पेड़ का संरक्षण खुद करें और वो आगे जाकर वटवृक्ष बनकर समाज को छाया दे सकें। - प्रियव्रत चारण, जोधपुर

जन आंदोलन बनाकर संरक्षण हो
वनों की कटाई पर कठोर नियंत्रण और वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाकर वनों का संरक्षण किया जा सकता है। वन क्षेत्रों को आग से बचाने के उपाय, जैव विविधता की रक्षा और अवैध खनन पर रोक आवश्यक है। स्थानीय समुदायों को संरक्षण कार्यों में भागीदार बनाकर भी ऐसा किया जा सकता है। स्कूलों और मीडिया के माध्यम से पर्यावरण शिक्षा दी जाए। - संजय माकोडे, बैतूल

वन कटाई पर नियंत्रण हो
वन संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाकर अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाने चाहिए। वन कटाई पर सख्त नियंत्रण रखा जाए और अवैध कटाई करने वालों पर दंड लगाया जाए। जनजागरण अभियान के माध्यम से लोगों को वनों के महत्त्व के बारे में शिक्षित किया जाना चाहिए। सरकार को भी सख्त नीतियां और कानून बनाकर उनका पालन करवाना चाहिए। - संदीप कटेवा, झुंझुनूं

कानून की सख्ती से पालना हो
वन संरक्षण के लिए सरकार द्वारा बनाए गए कानूनों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए। संरक्षित क्षेत्रों जैसे राष्ट्रीय उद्यानों आदि की संख्या को बढ़ाया जाना चाहिए। इसके साथ ही वन आधारित उत्पादों की खपत को कम करके वनों का संरक्षण किया जा सकता है। - सुरेंद्र भादू, जोधपुर

वन कटाई पूर्ण प्रतिबंधित हो
वनों को संरक्षित करने के लिए पेड़ों का काटना पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। नव निर्माण के लिए जंगलों को तभी काटा जाये जब कोई और विकल्प ना बचे। अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने और हरियाली बचाने के जागरूकता अभियान, वनों को बचाने और उन्हें संरक्षित करने मे मददगार साबित हो सकते हैं। - नरेश कानूनगो, देवास

वन प्रबंधन मजबूत हो
टिकाऊ वन प्रबंधन में वृक्षारोपण करना, वनों की कटाई को नियंत्रित करना, वनों को आग से बचाना और स्थानीय समुदायों को शामिल करना आता है। टिकाऊ वन प्रबंधन के माध्यम से हम वनों की जैव विविधता, उत्पादकता और पारिस्थितिक कार्यप्रणाली को बनाए रख सकते है। - डॉ. अजिता शर्मा, उदयपुर

वन विभाग की गश्त बढ़ाकर
वनों के संरक्षण के लिए सर्वप्रथम वनों की अवैध कटाई को रोका जाना चाहिए। इसके लिए वन विभाग की जंगलों में नियमित रूप से गश्त होनी चाहिए। विकास कार्यों के लिए काटे गए वृक्षों की क्षतिपूर्ति के लिए अन्य स्थानों पर नए वृक्ष लगाए जाने चाहिए। वन विभाग के कर्मचारियों को आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाना चाहिए ताकि वे वन माफिया के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर सकें। - ललित महालकरी, इंदौर

जागरूकता फैलाकर संरक्षण हो
वन संरक्षण के साथ वनों और वन्यजीवों का महत्व लागों को समझाकर वन संरक्षण किया जा सकता है। इसके लिए वन‌ विभाग को स्कूलो में बच्चों को इसके बारे में अवगत करवाया जाना चाहिए। गली मोहल्लों में नुक्कड़ नाटक करके लोगों को जागरूक किया जाना जरूरी है। - अजीतसिंह सिसोदिया, बीकानेर

जन आंदोलन का स्वरूप देकर
वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाकर वन संरक्षण किया जा सकता है। साथ ही आधुनिक तकनीक से अवैध कटाई की निगरानी जरूरी है। सबसे जरूरी उद्योगों के लिए एक पेड़ काटने पर दस लगाने की नीति अमल में लाई जानी चाहिए। समय की मांग है कि अब लकड़ी के अन्य विकल्प तलाशें जाए। वन क्षेत्रों में स्थानीय समुदायों को अधिकार और जिम्मेदारी दी जाए। बच्चों को स्कूलों में पर्यावरण शिक्षा को अनिवार्य किया जाए। - अमृतलाल मारू, इंदौर

वन संसाधनों का प्रयोग सीमित हो
वन संरक्षण के लिए उनकी कटाई पर रोक लगना और वृक्षारोपण जरूरी है। लोगों को वनों के महत्त्व और संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जागरूक करना चाहिए। दावानल को रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का प्रयोग और सतर्क निगरानी प्रणाली अपनाई जाए। ईंधन के स्थान पर धातु सोलर एनर्जी को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। वन संसाधनों का प्रयोग सोच समझकर और सीमित मात्रा में करना चाहिए। - मीना सनाढ्य, उदयपुर