Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अनंत सिंह जेल में, तो ललन सिंह मैदान में बोले- हर तरफ नीतीश-मोदी की जय जय, साजिश करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा

दुलारचंद हत्याकांड में बाहुबली अनंत सिंह के जेल जाने के बाद अब केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह मोकामा में चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। सोमवार को उन्होंने मोकामा में रोड शो किया। 

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Nov 03, 2025

केंद्रीय मंत्री और जदयू के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (Photo-IANS)

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय मंत्री और सांसद ललन सिंह ने चुनावी मैदान की कमान खुद संभाल ली है। बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र के मोकामा विधानसभा में लोगों से मिलते हुए ललन सिंह ने न केवल अनंत सिंह का खुलकर बचाव किया, बल्कि उनकी गिरफ्तारी को एक बड़ा षड्यंत्र करार देते हुए विरोधियों को कड़ी चेतावनी भी दी।

अब मैंने कमान संभाल ली है- ललन सिंह

मोकामा में लोगों से भावनात्मक अपील करते हुए ललन सिंह ने कहा, "अनंत बाबू (अनंत सिंह) थे तो मेरी जिम्मेदारी कम थी, लेकिन आज वह नहीं हैं तो मैंने आज से मोकामा चुनाव की कमान संभाल ली है। आप लोग तनिक भी चिंता न करें।" उन्होंने मोकामा की जनता को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि अब हर एक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़े और साजिश का जवाब दे।

नीतीश के कानून राज का सम्मान

अनंत सिंह की गिरफ्तारी दुलारचंद यादव हत्या मामले में हुई है। इस पर बोलते हुए ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कानून राज का सम्मान किया है, यही कारण है कि आज वह जनता के बीच मौजूद नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि अनंत सिंह इस मामले में पूरी तरह निर्दोष हैं और उनकी गिरफ्तारी एक गहरी साजिश का हिस्सा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यह घटना अपने आप होने वाली घटना नहीं है। कई वीडियो सामने आए हैं, जिनसे यह स्पष्ट होता है कि एक बड़ा षड्यंत्र रचा गया है।"

पुलिस जांच में जल्द होगा षड्यंत्र का खुलासा

ललन सिंह ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की गुजारिश की। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस जांच में जल्द ही इस षड्यंत्र का पर्दाफाश हो जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, "हम पुलिस से गुजारिश करेंगे इस मामले की अच्छे से जांच करें और इस साजिश के पीछे जिन लोगों का हाथ है, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाएं।"

मनोबल ऊंचा रखने की अपील

रैली में मौजूद भारी भीड़ को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि विरोधियों को मोकामा की जनता का मनोबल गिराने का मौका नहीं मिलना चाहिए। किसी को जरा सा भी मनोबल को गिरने नहीं देना है, मनोबल पूरा ऊंचा रखना है। मनोबल ऊंचा रखकर इस षड्यंत्र का जवाब देना है।

हर तरफ नीतीश-मोदी की जय जय

उन्होंने अंत में दावा किया कि पूरे बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के पक्ष में माहौल है। उन्होंने कहा, "पूरा बिहार मोदी-नीतीश की जय जय कर रहा है। अनंत सिंह के जेल जाने से चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।"