Rajasthan BJP: राजस्थान में बीजेपी के भीतर अंदरूनी कलह और गुटबाजी की खबरें एक बार फिर सुर्खियों में हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को बीजेपी की कमान संभाले हुए एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन वे अब तक अपनी कार्यकारिणी की घोषणा नहीं कर पाए हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक कथित कार्यकारिणी सूची के वायरल होने से पार्टी के भीतर हलचल मच गई है।
इस सूची में कई चौंकाने वाले नाम और सिफारिशों का जिक्र होने से कार्यकर्ताओं में असंतोष फैल गया है। इससे पहले, युवा मोर्चा और जयपुर शहर बीजेपी की कार्यकारिणी की घोषणा के बाद उसे तुरंत वापस लेने की घटनाओं ने भी संगठन में चल रही उथल-पुथल को उजागर किया है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी की एक सात पेज की कथित सूची वायरल हुई, जिसमें 38 पदाधिकारियों के नाम शामिल थे। इस सूची में 10 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 10 मंत्री, 1 कार्यालय मंत्री, 1 कार्यालय प्रभारी, 6 प्रवक्ता, 1 आईटी संयोजक, 1 आईटी सह-संयोजक, 1 सोशल मीडिया संयोजक, 1 सोशल मीडिया सह-संयोजक, 1 प्रकोष्ठ संयोजक और 1 मीडिया सह-संयोजक के नाम शामिल थे।
बता दें, सूची में कांग्रेस से बीजेपी में आए कुछ नेताओं को अहम पद दिए जाने की बात ने विवाद को और हवा दी। उपाध्यक्षों की सूची में ब्रह्माकुमार सोनी, राजेश तांबी, अनुराग शर्मा, अजय यादव, शैलेंद्र शर्मा, महेंद्र सिंह पवार, सुरेंद्र पूर्ववंशी और सुरेश गुर्जर के नाम शामिल थे।
वहीं, नवरत्न नारानियां, रेखा राठौड़ और हिरेन मिश्रा को महामंत्री बनाए जाने की बात थी। संगठन मंत्रियों में कृष्ण मुरारी पारीक, जीआर मीणा, अंजना सेन, निर्मल शर्मा, दुर्गा कटारिया, प्रिया गेनानानी, रश्मि सैनी, नीलू शर्मा और भवानी शर्मा के नाम सामने आए।
इस सूची के वायरल होने के बाद कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी है, जिन्होंने इसे पक्षपात का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूची के वायरल होने के बाद कई नेता प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मिले और अपनी नाराजगी व्यक्त की। कुछ ने सूची में जगह न मिलने पर असंतोष जताया, तो कुछ को कमतर पद मिलने से नाराजगी थी।
इधर, विवाद बढ़ने पर मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया कि यह सूची अधिकृत नहीं है और इसे पार्टी कार्यालय से जारी नहीं किया गया। किसी ने प्रस्ताव दिया और किसी ने उसे छाप दिया, मुझे लगता है कि यह गलत है, लेकिन वह हमारी सूची नहीं है, हमारी सूची बहुत जल्द जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी सूची कौन वायरल कर रहा है, इसकी जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। हालांकि, इस बयान के बावजूद सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इस सूची को वायरल करने के पीछे किसका हाथ है और इसका मकसद क्या है।
बताते चलें कि इससे पहले प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा, बीजेपी युवा मोर्चा और जयपुर शहर की कार्यकारिणी को लेकर भी विवाद सामने आए हैं। युवा मोर्चा के अध्यक्ष अंकित चेची की नियुक्ति 7 जुलाई 2023 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने की थी। लेकिन, 14 महीने बाद भी युवा मोर्चा की कार्यकारिणी घोषित नहीं हो सकी। 22 सितंबर 2024 को अंकित चेची ने युवा मोर्चा की कार्यकारिणी की घोषणा की, लेकिन 53 मिनट बाद ही इसे गलती बताकर वापस ले लिया गया।
इसी तरह, 1 अगस्त 2025 को जयपुर शहर बीजेपी की कार्यकारिणी की घोषणा जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने की, लेकिन 27 मिनट बाद इसे भी हटा लिया गया। कारण बताया गया कि कंप्यूटर ऑपरेटर ने गलती से सूची शेयर कर दी। इस सूची में 34 में से 22 नेताओं के नाम सिफारिशी बताए गए, जिसने विवाद को और बढ़ावा दिया।
सूत्रों के मुताबिक राजस्थान बीजेपी में गुटबाजी चरम पर है। जानकारों का मानना है कि पार्टी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के गुट हावी हैं। इसके अलावा, केंद्रीय नेताओं के अपने-अपने गुट भी सक्रिय हैं। इस गुटबाजी के कारण सभी पक्षों को संतुलित करते हुए कार्यकारिणी की घोषणा करना एक चुनौती बन गया है।
सूत्रों के अनुसार, मदन राठौड़ की नई कार्यकारिणी में कुछ नामों की चर्चा जोरों पर है। भूपेंद्र सैनी, विजेंद्र पूनिया, कैलाश मेघवाल और मिथलेश गौतम को प्रदेश महामंत्री बनाए जाने की संभावना है। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष के लिए नाहर सिंह जोधा, मुकेश दाधीच, ज्योति मिर्धा, अनिता कटारा, सरदार सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, ज्योति खंडेलवाल, छगन माहुर, सुरेश यादव, बिहारीलाल विश्नोई और हकरू मईडा के नाम सामने आ रहे हैं।
प्रदेश मंत्री के लिए सीमा माथुर, रत्ना कुमारी, विष्णु चेतानी, घेवर सिंह रैगर, आईदान सिंह भाटी, सरोज प्रजापत, सीताराम पोसवाल, विक्रम गुर्जर और अपूर्वा सिंह के नाम चर्चा में हैं। प्रवक्ता के तौर पर रामलाल शर्मा, प्रीति शर्मा राठी और ज्योति मिश्रा के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि, इन नामों पर अंतिम मुहर कब लगेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
Updated on:
16 Aug 2025 06:58 pm
Published on:
16 Aug 2025 05:02 pm