Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमरीका में 18-64 की उम्र में मरने वालों की संख्या 27 प्रतिशत बढ़ी, कोविड से कनेक्शन

18 से 64 वर्ष की आयु के बीच असामयिक मृत्यु दर 2012 से 2022 के बीच 27 प्रतिशत बढ़ गई है। प्रति लाख वयस्कों पर मौतें 243 से बढ़कर 309 हो गईं। अध्ययन में पाया गया है कि अश्वेत वयस्कों में यह वृद्धि श्वेत वयस्कों कि तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है।

4 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Nov 12, 2025

अमरीका में 18 से 64 वर्ष की आयु के बीच मृत्यु दर बढ़ी (Photo -The Washington Post)

अमरीका में 'मेडिकेयर' को वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच माना जाता है। यह संघीय स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम मुख्य रूप से 65 वर्ष और उससे अधिक उम्र वालों को कवरेज प्रदान करता है। लेकिन एक नई रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इसमें कहा गया है कि लाखों अमेरिकी इस योजना का लाभ उठाने की उम्र तक जीवित नहीं रह पाते।

18 से 64 वर्ष की आयु के बीच मृत्यु दर बढ़ी

'जामा हेल्थ फोरम' में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, 18 से 64 वर्ष की आयु के बीच असामयिक मृत्यु दर 2012 से 2022 के बीच 27 प्रतिशत बढ़ गई है। प्रति लाख वयस्कों पर मौतें 243 से बढ़कर 309 हो गईं। अध्ययन में पाया गया है कि अश्वेत वयस्कों में यह वृद्धि श्वेत वयस्कों कि तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है।

हालांकि इस वृद्धि का कुछ हिस्सा कोविड महामारी से हुई मौतों से जुड़ा है, लेकिन रिपोर्ट नस्ल, भौगोलिक स्थिति और सामाजिक असमानता को मुख्य कारक मानती है। वेस्ट वर्जीनिया, न्यू मैक्सिको और मिसिसिपी जैसे राज्यों में असामयिक मृत्यु दर सबसे ऊंची रही, जबकि मैसाचुसेट्स और मिनेसोटा में सबसे कम।

ब्राउन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की प्रोफेसर और अध्ययन की मुख्य लेखिका आइरीन पापनिकोलस ने बताया कि यह शोध उनके दो अन्य अध्ययनों पर आधारित है। पहला अध्ययन (2009-2019) दिखाता है कि हृदय रोग, नशा और श्वसन रोग जैसी रोकथाम योग्य मौतें अमरीका के हर राज्य में बढ़ीं हैं। 34 अन्य विकसित देशों में भी ऐसी मौतें हुई हैं और केवल 6 देशों में वृद्धि देखी गई है।

अमीर अमरिकियों की मृत्यु का जोखिम गरीबों की तुलना में कम

अप्रैल में न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित हुई दूसरी रिपोर्ट में कहा गया है कि अमीर अमरिकियों की मृत्यु का जोखिम सबसे गरीबों की तुलना में लगभग 40% कम है। फिर भी, अमरिका के धनवान लोग उत्तरी-पश्चिमी यूरोप के मध्यम या गरीब नागरिकों से कम जीते हैं।

पापनिकोलस ने कहा, "हर राज्य में, समय के साथ हम देख रहे हैं कि मेडिकेयर की पात्रता उम्र से पहले मरने वाले अमेरिकियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।” ये अध्ययन साबित करते हैं कि अमेरिकी स्वास्थ्य केवल चिकित्सा प्रणाली पर नहीं, बल्कि नीतियों, सामाजिक संरचना और सत्ता संरचनाओं पर अधिक निर्भर करती है।

अश्वेत समुदायों पर अधिक असर

2022 में, अश्वेत वयस्कों की असामयिक मृत्यु दर प्रति लाख वयस्कों पर 427 रही, जबकि श्वेत वयस्कों में यह आंकड़ा 316 था। ये चौंकाने वाले आंकड़े नवीनतम अध्ययन से सामने आए हैं, जिसमें अमरीका के सभी 50 राज्यों और वॉशिंगटन डी.सी. के मेडिकेयर तथा सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के डेटा का गहन विश्लेषण किया गया।

अध्ययन में यह भी उजागर हुआ कि लैटिनो, नेटिव अमेरिकन और एशियाई समुदायों से जुड़े आंकड़ों में गंभीर असंगतियां होने के कारण शोधकर्ता इन समूहों में असामयिक मृत्यु दर का सटीक मूल्यांकन नहीं कर सके। ट्यूलन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन के डीन थॉमस लाविस्ट ने कहा, "जब भी कोई अश्वेत अमरिकी 65 वर्ष की उम्र से पहले मारता है तो मैं इसको रिकॉर्ड में लेता हूं।

पिछले महीने ही मशहूर R&B गायक और नियो-सोल संगीत के अग्रदूत डी’एंजेलो की पैंक्रियाटिक कैंसर से 51 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई। लाविस्ट ने कहा, "अब वे भी मेरी सूची में शामिल हो गए हैं।" उन्होंने आगे कहा, “जब आप बार-बार देखते हैं कि एक के बाद एक प्रसिद्ध चेहरे 65 वर्ष से पहले ही दुनिया छोड़ रहे हैं, तो यह दिल को झकझोर देता है। हमें समझना होगा कि यह कोई व्यक्तिगत विफलता नहीं, बल्कि एक गहरी सामाजिक समस्या है।”

किसी व्यक्ति की जीवन अवधि मुख्य रूप से तीन कारकों पर निर्भर

लाविस्ट के अनुसार, किसी व्यक्ति की जीवन अवधि मुख्य रूप से तीन कारकों पर निर्भर करती है। पहला जीवविज्ञान और अनुवांशिकी, दूसरा व्यक्तिगत स्वास्थ्य व्यवहार, जैसे आहार, व्यायाम और जीवनशैली, वहीं तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक निर्धारक, जो सबसे महत्वपूर्ण हैं, जैसे प्रदूषित हवा में साँस लेना, लगातार तनाव, गरीबी या स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच की कमी। ये कारक शरीर को धीरे-धीरे तोड़ते हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि अमरिका में सामाजिक सुरक्षा जाल लगातार कमजोर हो रहा है। क्योंकि देश में लगातार उन संघीय योजनाओं में कटौती हो रही है, जो गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भोजन, हीटिंग और स्वास्थ्य देखभाल में मदद करती हैं। जीवन-यापन की बढ़ती लागत और नौकरी-आधारित स्वास्थ्य बीमा प्रणाली ने आम नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

लाविस्ट ने कहा, “हम खुद को काम करते-करते मार रहे हैं। हम एक अत्यधिक तनावपूर्ण समाज में रहते हैं, और यह तनाव अब ‘सामान्य’ मान लिया गया है, क्योंकि लगभग हर कोई इससे जूझ रहा है।” हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि यह तनाव समान रूप से वितरित नहीं है; समाज के कुछ वर्ग, विशेष रूप से अश्वेत और कम आय वाले लोग, इससे कहीं अधिक प्रभावित हैं।

रॉबर्ट वुड जॉनसन फाउंडेशन की नीति उपाध्यक्ष एवेनेल जोसेफ ने बताया, "अश्वेत और कम आय वाले श्रमिकों के पास अक्सर ऐसी नौकरियां होती हैं जो स्वास्थ्य बीमा प्रदान नहीं करतीं। ऐसे में वे मेडिकेड, अफोर्डेबल केयर एक्ट (ACA) की बाजार योजनाओं पर निर्भर रहते हैं, या फिर बिना किसी बीमा के जीवन जीते हैं।" ये सभी तथ्य एक कड़वी सच्चाई उजागर करते हैं। अमरिका में नस्ल, आय और नीतिगत असमानताएं लोगों किस गहराई से लोगों की सेहत और उम्र पर असर डाल रही है।

(वॉशिंग्टन पोस्ट का यह आलेख पत्रिका.कॉम पर दोनों समूहों के बीच विशेष अनुबंध के तहत पोस्ट किया गया है।)