CG News: रायपुर में हुई जोरदार बारिश ने एयरपोर्ट में अफसरों की बेचैनी बढ़ा दी। दरअसल बारिश के चलते एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमान आधा घंटा तक हवा में चक्कर काटते रहे। ( CG News ) इनमें से एक इंडिगो में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मौजूद थे। वे देर रात दिल्ली से वापस लौटे। इस दौरान भारी बारिश के कारण एयरपोर्ट पर रनवे में फिसलन और मिस्डस एप्रोच की आशंका के चलते विमान आधा घंटे तक रायपुर के ऊपर चक्कर काटता रहा। गनीमत रहा कि बारिश के थमने के बाद विमान सुरक्षित लैंड हो पाई।
जानकारी के अनुसार सीएम साय कल देर रात इंडिगो की फ्लाइट से वापस आए। उनका विमान 9.30 बजे रायपुर पहुंच गया लेकिन बेहद गहरे बादल, बारिश और रनवे पर फिसलन के कारण मिस्ड एप्रोच हुआ। लैंड करने के बजाए पायलट विमान को उड़ा ले गए और विमान शहर का चक्कर काटने लगा। सीएम को रिसीव करने के लिए रात में रायपुर कलेक्टर और एसएसपी एयरपोर्ट पहुंचे थे।
मिस्ड एप्रोच की सूचना से अफसर भी बेचैन हो गए। इसी बीच दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट पहुंची। इसके पायलट भी लैंड नहीं कर पाए और वापस उड़ गए। दोनों विमान करीब आधा घंटे तक रायपुर के ऊपर मंडराते रहे। आख़िरकार आधा घंटे बाद इंडिगो के पायलट ने लैंड किया। इसके बाद एयर इंडिया की फ्लाइट भी सुरक्षित लैंड कर गई।
Published on:
03 Sept 2025 03:51 pm