
(फोटो- पत्रिका)
गड़ा हुआ धन निकालने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी देवी रजक ने साथियों के साथ मिलकर अनोखा षड्यंत्र रचा। अदालत में ठगी के मामले की अंतिम गवाही से ठीक एक दिन पहले भोपाल से एक 48 वर्षीय महिला को बुलवाया। इस महिला को शिकायतकर्ताओं के साथ गवाहों पर सामूहिक दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने थाने भिजवा दिया। थाने में दुष्कर्म का झूठा मामला दर्ज कराने पहुंची तो पुलिस को संदेह हुआ।
पुलिस पूछताछ में पोल खुल गई। जैसे ही देवी सिंह को लगा कि पर्दाफाश हाेने वाला है तो उसने नाटक किया और नकली चूहामार दवा खा ली। जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंच गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। इस कारण 10 नवंबर की गवाही स्थगित हो गई और अगली तारीख दी गई। पुलिस ने महिला के बयान पर भी मामला दर्ज कर लिया है, जबकि ठगी के दोनों शिकायतकर्ताओं ने भी षड्यंत्र की शिकायत की है। सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि महिला के आरोप पूरी तरह झूठे पाए गए। ठगी के आरोपी ने गवाही रोकने के लिए यह खेल खेला था। मामला पूरी तरह खुल चुका है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरिया जाट निवासी देवी रजक पर गांव के ही दीपेश सेन, यशवंत पटेल सहित अन्य लोगों ने गड़ा धन निकालने के नाम पर 20 लाख रुपए से अधिक की ठगी का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने देवी रजक, उसकी पत्नी संध्या को आरोपी बनाया था। फरारी के बाद गिरफ्तारी हुई और जमानत पर बाहर आने के बाद देवी रजक ने नया दांव खेला।
10 नवंबर को जिला न्यायालय में ठगी मामले की महत्वपूर्ण गवाही तय थी। इसके ठीक एक दिन पहले 9 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे भोपाल की एक महिला सिविल लाइन थाने पहुंची और दीपेश सेन, यशवंत पटेल व एक अन्य व्यक्ति पर सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया।
थाना प्रभारी आनंद सिंह को महिला के बयानों में विरोधाभास दिखा। पूछताछ के लिए महिला कर्मी बुलाई गई। आरोपियों को थाने बुलाया गया तो उन्होंने महिला को पहचानने से इनकार किया और घटना के समय अपने अन्यत्र होने के सबूत पेश किए। ग्रामीणों का हुजूम भी थाने पहुंच गया। पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो महिला दो अज्ञात पुरुषों के साथ दिखी। आखिर महिला ने कबूल कर लिया कि देवी रजक का साथी उसे भोपाल से सागर लाया था ताकि वह झूठी शिकायत कर शिकायतकर्ताओं व गवाहों को फंसा सके।
Published on:
21 Nov 2025 04:57 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
