गत करीब 18 दिन से पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू को छोड संपूर्ण सिरोही जिले में बारिश का दौर थमने से धूप के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था लेकिन अब मानसूनी सिस्टम एक बार फिर एक्टिव हो गया है। इसके चलते गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहे, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने अब आगामी चार दिन जिले में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। गुरुवार को सुबह 5 बजे हल्की बूंदा-बांदी हुई। वहीं, दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रही। इसके चलते शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान बुधवार के मुकाबले 2 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग जयपुर ने गुरुवार को नया अलर्ट जारी करते हुए शुक्रवार से चार दिन यानी 15, 16, 17 व 18 अगस्त को सिरोही जिले में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के मुताबिक जिले के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह से ही भारी बारिश हो सकती है।
Published on:
15 Aug 2025 10:01 am