Weather Update Today : राजस्थान के उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मंगलवार को कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने उदयपुर और कोटा संभाग में कहीं कहीं हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में 29 सितंबर तक बारिश का दौर रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट
आइएमडी ने प्रदेश के बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़,डूंगरपुर,झालावाड़,प्रतापगढ़ और सलूंबर में कहीं मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है तो वहीं जयपुर में 26 सितंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। जयपुर के अधिकतम तापमान में अभी और वृद्धि की बात मौसम विभाग ने कही है। वहीं राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग ने 2-3 दिन जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों से मानसून विदा हो चुका है ऐसे में यहां अभी मौसम शुष्क रहने की ही संभावना बनी हुई है।
40 के पास पहुंचा पारा,सामान्य से अधिक तापमान
बात करें तापमान की तो प्रदेश में फिर सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में ही दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। श्रीगंगानगर के बाद पिलानी का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। पिलानी का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा। चूरू का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। फतेहपुर का मेक्सिमम टेंप्रेचर जहां 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया वहीं जैसलमेर और संगरिया का 37.2 डिग्री सेल्सियस जबकि बीकानेर का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक अधिकतम तापमान वाले स्थानों में जयपुर, अलवर, बाड़मेर, फलौदी, करौली,लूणकरणसर और झुंझुनूं शामिल हैं। सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान प्रदेश में करीब 8 स्थानों पर दर्ज किया गया है।
न्यूनतम तापमान में कहीं-कहीं राहत
बात करें न्यूनतम तापमान की तो जिस तरह बीते कुछ दिनों से श्रीगंगानगर का अधिकतम तापमान प्रदेश में सबसे अधिक दर्ज किया जा रहा है इसी तरह सिरोही का न्यूनतम तापमान लगातार 18 डिग्री के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही का ही रहा यहां का मिनिमम टेंप्रेचर 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं पाली का 22, पिलानी का 22.4, लूणकरणसर का 22.6 नागौर और वनस्थली का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गौर करें तो प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों से मानसून की विदाई तो अभी तक मौसम विभाग के अनुसार नहीं हुई है लेकिन मानसून अधिकांश हिस्सों में सक्रिय भी नहीं है।