Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

समाचार

राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर भीलवाड़ा में तैयारी शुरू

राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर भीलवाड़ा जिले में प्रारंभिक तैयारी शुरू कर दी वर्ष 2026 के सितंबर में पहले आवासों की गणना का कार्य शुरू होगा। इसके बाद वर्ष 2027 के जनवरी व फरवरी माह में जनगणना होगी।

भीलवाड़ा। राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर भीलवाड़ा जिले में प्रारंभिक तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए क्षेत्र के अनुसार नए ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। इनमें नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों के भोगौलिक ढांचे के स्वरूप को शामिल किया जाएगा। इसके उपरांत वर्ष 2026 के सितंबर में पहले आवासों की गणना का कार्य शुरू होगा। इसके बाद वर्ष 2027 के जनवरी व फरवरी माह में जनगणना होगी। इधर, जनगणना का आधार आबादी के साथ ही जातिगत या धार्मिक स्तर पर रहेगा, इसके संकेत उच्च स्तर पर अभी तक नहीं मिल सके हैं।

वर्ष 2011 के बाद नहीं हो सकी जनगणना

देश में राष्ट्रीय जनगणना 2011 के बाद नहीं हो सकी है। वर्ष 2021 में जनगणना कार्य प्रस्तावित था, लेकिन कोविड संकट काल के कारण जनगणना नहीं हो सकी। केन्द्र सरकार ने अब वर्ष 2027 में राष्ट्रीय जनगणना कराए जाने का निर्णय किया है। इसी निर्णय की पालना में राज्य सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रीय जनगणना 2027 की प्रारंभिक तैयारी शुरू कर दी है।

ब्लॉक के आधार पर गणना

प्रदेश के नए व पुराने जिलों में प्रथम चरण में ब्लॉक के आधार पर आवासों की गणना की जाएगी। इसके जरिए क्रमश: भोगौलिक व भौतिक स्वरूप का आंकलन किया जाएगा। अंतत आबादी की गणना का अंतिम डाटा तैयार किया जाएगा।

2012 में हुई थी धर्म आधारित जनगणना

देश में केन्द्र ने वर्ष 2012 में धर्म के आधार पर जनगणना करवाई थी, लेकिन जनगणना के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए। केन्द्र ने इस साल नए सिर से जातिगत जनगणना कराए जाने का भी निर्णय किया है, लेकिन यह गणना किस प्रकार और किस स्वरूप में होगी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

इस साल ब्लॉक बना लिए जाएंगे

जिले मेंं ब्लॉक बनाने का कार्य इस साल 31 दिसंबर तक किया जाना प्रस्तावित है। इसमें नवगठित व नव सृजित नगरीय निकाय व पंचायत राज क्षेत्र का खांका तैयार किया जाएगा। जनगणना के दौरान ही जिले की कृषि, खनिज व पशु संपदा के भी डाटा सामने आएंगे। जिले की संभावित आबादी अभी 30 लाख से अधिक है।

पहले आवास गिनेंगे, फिर आबादी

जिले में राष्ट्रीय जनगणना 2027 को लेकर प्रांरभिक तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत क्षेत्र संबंधित डाटा तैयार किया जा रहा है। इसमें राजस्व गांव, कच्ची बस्तियों की जानकारी को समावेश किया जाएगा। वर्ष 2026 के सितंबर में पहले आवासों की गणना का कार्य शुरू होगा। इसके उपरांत वर्ष 2027 के जनवरी व फरवरी माह में जनगणना होगी। क्षेत्र के कार्य के दौरान जनगणना के लिए ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसमें तहसील व उनके गांव तथा उपखंड मुख्यालय व उनके नए क्षेत्र की जानकारी का समावेश मैप के साथ किया जाएगा।

डॉ. सोनल राज कोठारी, उपनिदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग

……………..

एक नजर प्रशासनिक ढांचे पर

मुख्यालय संख्या

लोकसभा: 01

विधानसभा: 07

उपखंड: 15

तहसील: 18

उप तहसील: 13

पंचायत समिति: 13

नगर निगम: 01

नगर पालिका:10

ग्राम पंचायत: 395

राजस्व ग्राम: 1948

आबाद ग्राम: 1727

संभावित आबादी: 30 लाख

……………