ग्वालियर. कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। यह यात्रा किला गेट चौराहे से हजीरा और हजीरा से चार शहर के नाके तक निकाली गई। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना किया और खुद भी काफी दूर तक पैदल चले।
ग्वालियर विधानसभा के हजारों लोग और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल हुए। तिरंगे के साथ-साथ “वोट चोरी रोको”, “लोकतंत्र बचाओ”, और “संविधान बचाओ” के पोस्टर भी हाथों में लिए गए। जगह-जगह पर माला और फूलों की वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
प्रदेश कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, भाजपा लोकतंत्र का गला घोट रही है और संविधान को खत्म करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस मध्य प्रदेश में सडक़ पर उतरकर भाजपा के वोट चोरी के अन्याय को बेनकाब करती रहेगी।
प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने कहा, यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने और जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखने के लिए है। लोकसभा में भी मध्य प्रदेश में कांग्रेस की एक भी सीट न आना भाजपा की वोट चोरी को उजागर करता है। उन्होंने कहा, आज राहुल गांधी ने जो प्रमाण दिए हैं उससे भाजपा सरकार की जीत की सच्चाई जनता के सामने उजागर हो गई ह। यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है जनता के मताधिकार को सुरक्षित रखने की लड़ाई है उन्होंने कहा कि लोगों का लोकतंत्र से विश्वास ना उठ जाए इस विश्वास को बचाए रखने की भी यह लड़ाई है उन्होंने कहा, हमने पिछले चुनाव में ग्वालियर विधानसभा में भी ऐसे मामले हैं चुनाव आयोग को बताए थे।
तिरंगा यात्रा में मुनेन्द्र सिंह भदोरिया, जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, विधायक साहब सिंह गुर्जर, विधायक सुरेश राज विधायक, पंकज उपाध्याय, केशव देसाई, पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, कार्यकारी अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल, अशोक प्रेमी, इंद्रजीत चौहान, जाफरी, मीनू परिहार, राजेश खान, पिंटू राजपूत, लक्ष्मी नारायण कुशवाहा नवीन भटकारिया सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।