
होम लोन को ब्याज फ्री भी बना सकते हैं। (PC: Gemini)
Interest Free Home Loan: घर किसी भी व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी खरीदारी होती है। कीमतों के आसमान पर पहुंचने के चलते लोगों को घर खरीदने के लिए होम लोन लेना ही पड़ता है। होम लोन में भले ही ब्याज दरें कम होती हैं, लेकिन लॉन्ग टर्म में ग्राहकों को भारी-भरकम ब्याज चुकाना पड़ता है। अधिकतर मामलों में ब्याज की रकम मूलधन से भी ज्यादा हो जाती है। ऐसे में फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि जितना ज्यादा हो सके, डाउन पेमेंट करने की कोशिश करें। इससे ब्याज का कुल खर्च कम हो जाएगा।
आज हम आपको एक ऐसी ट्रिक बताने जा रहे हैं, जिससे आपके द्वारा होम लोने में चुकाए जाने वाले ब्याज की पूरी तरह भरपाई हो जाएगी। जब आपके होम लोन की अवधि खत्म होगी, तो आपके हाथ में ब्याज के रूप में चुकाया गया पूरा पैसा होगा। यानि आपका होम लोन ब्याज फ्री हो जाएगा। आइए पहले जानते हैं कि होम लोन पर बैंक क्या ब्याज दर ले रहे हैं।
इस साल भारतीय रिजर्व बैंक बैंक द्वारा रेपो रेट में अच्छी-खासी कटौती करने से बैंकों ने होम लोन पर ब्याज काफी घटा दिया है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 7.35 फीसदी की न्यूनतम ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है। यह बैंक प्रोसेसिंग फीस लोन अमाउंट की 0.50%+जीएसटी ले रहा है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की भी होम लोन पर शुरुआती ब्याज दर 7.35% है। यहां प्रोसेसिंग फीस लोन अमाउंट की 0.25% + जीएसटी है। इंडियन ओवरसीज बैंक भी न्यूनतम 7.35% ब्याज दर पर होम लोन दे रहा है। यहां प्रोसेसिंग फीस लोन अमाउंट का 0.50% है। केनरा बैंक 7.40% की न्यूनतम ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है। यहां प्रोसेसिंग फीस 0.50% है। इसके अलावा, यूको बैंक की भी होम लोन पर न्यूनतम ब्याज दर 7.40 फीसदी है। यहां प्रोसेसिंग फीस लोन अमाउंट की 0.50% है।
| बैंक का नाम | न्यूनतम ब्याज दर (%) | प्रोसेसिंग फीस |
|---|---|---|
| सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया | 7.35 | लोन अमाउंट का 0.50% |
| बैंक ऑफ महाराष्ट्र | 7.35 | लोन अमाउंट का 0.25% |
| इंडियन ओवरसीज बैंक | 7.35 | लोन अमाउंट का 0.50% |
| केनरा बैंक | 7.40 | लोन अमाउंट का 0.50% |
| यूको बैंक | 7.40 | लोन अमाउंट का 0.50% |
अगर आप 45 लाख रुपये का होम लोन 7.35 फीसदी ब्याज दर पर 30 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 31,004 रुपये की बनेगी। इस लोन में आप कुल ब्याज 66,61,348 रुपये चुकाएंगे। अगर आप यह लोन 25 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 32,817 रुपये की बनेगी। यहां आप कुल ब्याज 53,45,037 रुपये चुकाएंगे। वहीं, आप यह लोन 20 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 35,840 रुपये की बनेगी। यहां आप कुल ब्याज 41,01,619 रुपये चुकाएंगे।
| लोन अवधि (साल) | ब्याज दर (%) | लोन अमाउंट (₹) | मासिक ईएमआई (₹) | कुल ब्याज (₹) | कुल भुगतान (₹) |
|---|---|---|---|---|---|
| 30 साल | 7.35 | 45,00,000 | 31,004 | 66,61,348 | 1,11,61,348 |
| 25 साल | 7.35 | 45,00,000 | 32,817 | 53,45,037 | 98,45,037 |
| 20 साल | 7.35 | 45,00,000 | 35,840 | 41,01,619 | 86,01,619 |
आप जिस दिन होम लोन लें, उसी दिन से एक बेहद मामूली सी रकम की म्यूचुअल फंड एसआईपी शुरू कर दें। अगर आप 45 लाख रुपये का होम लोन 7.35 फीसदी ब्याज दर पर 30 साल के लिए लेते हैं, तो लोन लेते समय ही 2500 रुपये महीने की एसआईपी भी शुरू कर दें। यह एसआईपी की रकम आपकी लोन ईएमआई के सामने बेहद कम है। इससे आप पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा।
| विवरण | राशि / आंकड़े |
|---|---|
| मासिक SIP राशि | ₹2,500 |
| निवेश अवधि | 30 साल |
| कुल निवेश राशि | ₹9,00,000 |
| औसत वार्षिक रिटर्न (CAGR) | 12% |
| मैच्योरिटी राशि | ₹77,02,433 |
| कुल ब्याज (लाभ) | ₹68,02,433 |
लोन अवधि के साथ-साथ 30 साल तक यह एसआईपी जारी रखें, तो 12 फीसदी औसत सालाना रिटर्न के हिसाब से मैच्योरिटी पर आपके पास 77,02,433 रुपये का फंड जमा हो जाएगा। इसमें 9 लाख रुपये आपकी निवेश राशि और 68,02,433 रुपये ब्याज आय होगी। दूसरी तरफ इस दौरान आप होम लोन में कुल 66,61,348 रुपये का ब्याज चुकाएंगे, जो कि एसआईपी से हुई ब्याज आय से कम है। इस तरह आपका होम लोन ब्याज फ्री हो जाएगा और आपके पास अतिरिक्त पैसा भी आ जाएगा।
Published on:
04 Nov 2025 11:45 am
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
