
-खिलाडिय़ों को उपलब्ध कराए जाएंगे संसाधन, खरीदे जाएंगे उपकरण-फील्ड पर जलनिकासी से लेकर अंधेरे तक की समस्या होगी दूर
खेल विभाग ने प्रस्ताव बनाकर समिति को सौंपा
धौलपुर. पंच गौरव योजना में शामिल हॉकी के पुराने दिनों को लौटाने की योजना पर कार्य चल रहा है। जिसके तहत जहां पांच लाख रुपयों से हॉकी खिलाडिय़ों के लिए किट, जूते, नेट, बॉल, हॉकी आदि संसाधन खरीदे जाएंगे। तो वहीं 82 लाख रुपयों से बड़ी फील्ड में हॉकी का ग्राउंड बनेगा और फील्ड में मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा। जिसका प्रस्ताव बनाकर विभाग ने समिति को सौंप दिया है।हॉकी में धौलपुर जिला का नाम सम्मान के साथ लिया जाता था, क्योंकि धौलपुर की धरा ने इस खेल में कई नामी खिलाडिय़ों की सौगात दी। जिन्होंने राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक धौलपुर का नाम रोशन किया था, लेकिन समय के साथ हॉकी की चमक भी कुंद होती चली गई और आज सिर्फ नाम की हॉकी शेष है, लेकिन प्रशासन फिर से हॉकी के गौरव को लौटाने को प्रयासरत है। जिसके तहत पंच गौरव कार्यक्रम में हॉकी को शामिल कर प्रोत्साहन देने का कार्य किया जा रहा है। खेल विभाग ने हॉकी खिलाडिय़ों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए 5 लाख रुपए का बजट भी स्वीकृत कर दिया है। इन पांच लाख रुपयों में से 144 खिलाडिय़ों के लिए टी शर्ट और नेकर, इतने ही खिलाडिय़ों के लिए जूते और मौजे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा 144 हॉकी और प्रत्येक ब्लॉक के हिसाब से 120 हॉकी बॉल भी खरीदी जाएंगी। जिसका जिला खेल विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर जिला प्रशासन के अधीन समिति को सौंप दिया है। अब जैसे ही समिति से कार्यों की स्वीकृति मिल जाएगी वैसे ही हॉकी की बेहतरी को लेकर कार्य भी प्रारंभ हो जाएंगे।
बड़ी फील्ड में बनेंगी नालियां, लगेंगी लाइटें
एक ओर जहां बड़ी फील्ड में 5 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक इंडोर हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं फील्ड में 82.50लाख रुपए से तमाम कार्य कराए जाएंगे। जिसमें हॉकी ग्राउण्ड का भी निर्माण कराए जाने की योजना है। जिसको लेकर पहले बड़ी फील्ड में मिट्टी डालकर समतल किया जाएगा। जिसके बाद हॉकी ग्राउण्ड बनाने के लिए मिट्टी डालकर ग्राउण्ड बनाया जाएगा। यानी हॉकी ग्राउण्ड फील्ड में समतल भूमि से थोड़ा ऊंचा होगा और यह हॉकी ग्राउण्ड जिम मशीन और इंंडोर हॉल के बीच में बनाया जाएगा। जिससे हॉकी प्रेमी अपने खेल का आनंद उठा सकेंगे। खेल विभाग हॉकी ग्राउण्ड के अलावा दोनों ओर लगने वाले स्टैण्ड नेट भी खरीदेगा। स्टैण्ड वाले नेट होने के कारण इनको आसानी से उठाया और फिर लगाया जा सकेगा।
ग्राउण्ड में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव को दूर करने के लिए जलनिकासी का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा ग्राउण्ड के चारों तक लाइटों की भी व्यवस्था की जाएगी, लाइटों के रूप में एलइडी लाइट लगाई जाएंगी, जिससे रात्रि में भी खेल प्रेमी खेल का लुत्फ उठा सकेंगे। इसके अलावा ग्राउण्ड की चार दीवारों का प्लास्टर कराया जाएगा और उसके ऊपर जालियों भी लगाई जाएंगी जिससे आसपास के लोग ग्राउण्ड में कचरा या अन्य सामान न फेंक सकें। इसके अलावा दीवार पर विभिन्न खेल गतिविधियों की पेंटिंग भी कराई जाने की योजना विभाग ने तैयार की है।
फरवरी-मार्च तक तैयार होगा इंडोर हॉल
खेल खिलाडिय़ों की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम यानी बड़ी फील्ड में 5करोड़ की लागत से इंडोर हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके अगले वर्ष तक बनकर तैयार होने की संभावना है। निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति के रूप में 3.70 करोड़ रुपए भी जारी किए थे। हालांकि अभी इंडोर हॉल का कार्य धीमी गति से ही चल रहा है। इंडोर हॉल में 27 वाई 45 का एक मल्टी पर्पज हॉल, खिलाडिय़ों के लिए चेंजिंग रूम, खिलाडिय़ों के लिए कमरे, शौचालय आदि बनकर तैयार हो गए हैं। तो वहीं इसमें इसमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती, कबड्डी सभी खेलों की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका निर्माण आरएसआरडीसी करा रहा है। जो निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद खेल विभाग को सौंप देगा।
खेलों और हॉकी को बढ़ावा देने के लिए बड़ी फील्ड पर हॉकी का ग्राउण्ड बनाए जाने की योजना है। इसके अलावा खिलाडिय़ों के लिए हॉकी के संसाधन खरीदे जाएंगे। जिसका प्रस्ताव बनाकर समिति को सौंप दिया गया है।
-अशोक कुमार, जिला खेल अधिकारी
Published on:
17 Nov 2025 06:48 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
