
गोल्ड मेडल के साथ रितिका सिंह। फोटो: पत्रिका
जयपुर। भारत की पहली ट्रांसजेंडर खिलाड़ी रितिका सिंह ने आगरा में हुई समर आइस स्टॉक चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। रितिका की इस सफलता ने फिर साबित कर दिया कि मौका मिले तो ट्रांसजेंडर खिलाड़ी भी हर मंच पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
पत्रिका डॉट कॉम से खास बातचीत में राजस्थान के टोंक जिले की रितिका सिंह ने कहा कि ट्रांसजेंडर लोगों को अक्सर समाज गलत नजरिए से देखता है, लेकिन मैं हिम्मत नहीं हारूंगी। इसी पहचान को खेल के दम पर वरदान साबित करके रहूंगी।
रितिका ने कहा कि उनका सपना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करूं। रितिका सिंह ने केंद्र और राजस्थान सरकार से अपील की है कि खेलों में ट्रांसजेंडर एथलीटों के लिए भी स्पोर्ट्स कोटा होना चाहिए, ताकि खेलों में रुचि रखने वाले ऐसे खिलाड़ी आगे बढ़ सकें।
टोंक जिले के मालपुरा की रहने वाली रितिका सिंह का दावा है कि वे देश की पहली ट्रांसजेंडर खिलाड़ी है। उन्हें यह सम्मान साल 2024 में तब मिला था, जब उन्होंने जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में आयोजित नेशनल आइस स्टॉक स्पोट्र्स चैंपियनशिप में गोल्ड सहित 4 मेडल जीते थे।
रितिका सिंह ने पहली बार साल 2023 नवंबर में समर आइस स्टॉक चैंपियनशिप में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उन्हें केबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और तत्कालीन टोंक कलक्टर सौम्या झा की ओर से सम्मानित भी किया जा चुका है।
पिछले साल जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में हुई नेशनल आइस स्टॉक स्पोट्र्स चैंपियनशिप में रितिका सिंह ने एक गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रांच मेडल जीते थे। यह चैंपियनशिप माइनस पांच डिग्री की कड़कड़ाती ठंड में 1 व 2 फरवरी 2024 को हुई थी। जिसमें 22 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया था।
रितिका सिंह ने बताया कि 12वीं कक्षा में पढ़ाई के बाद महसूस होने लगा कि हार्मोन्स उसकी बॉडी का शूट नहीं कर रहे है। ऐसे में परिजनों के सहमति के बाद जेंडर चेंज करवाने का फैसला लिया। इसके लिए 2021 में प्रक्रिया शुरू की, जो 2023 तक चली।
रितिका सिंह ने कहा कि जब गांव के लोगों को मेरे जेंडर चेंज करवाने के बारे में पता चला तो ताने मारने लगे। इससे परेशान होकर गांव छोड़ने का फैसला लिया। मैं जब लड़के के रूप में मालपुरा के स्कूल में 12वीं पढ़ाई कर रही थी, तभी घर छोड़कर जयपुर आ गई। इसके बाद आइस स्टॉक गेम को लेकर रूची बढ़ गई। यह गेम सर्दियों में बर्फ की सतह पर खेला जाता है।
भारत की पहली ट्रांसजेंडर खिलाड़ी रितिका सिंह टोंक जिले के मालपुरा की रहने वाली है। लेकिन, अभी जयपुर में रहती है। उन्हें आइस स्टॉक गेम पसंद है। यही वजह है कि वो अब तक कई खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। रितिका के पिता दुकानदार है और माता गृहिणी है। रितिका तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की है। उनके एक बड़ा भाई और एक छोटी बहन है।
Updated on:
26 Nov 2025 05:44 pm
Published on:
26 Nov 2025 05:26 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
