
संजय राउत कुछ समय से हैं बीमार (Photo: IANS)
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के कद्दावर नेता संजय राउत ने गंभीर स्वास्थ्य समस्यायों के कारण पिछले महीने राजनीति से अचानक ब्रेक ले लिया। उन्हें अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 31 अक्टूबर को अपनी खराब सेहत की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि वह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे है और दो महीने तक सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहेंगे। इस पोस्ट के बाद उनके समर्थक और शुभचिंतक भावुक हो उठे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे समेत देशभर के कई नेताओं सहित हजारों लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अब करीब 20 दिन बाद संजय राउत पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए है। सामने आये वीडियो में राज्यसभा सांसद राउत की तबियत कुछ बहुत ठीक नहीं दिख रही है।
रोजाना मीडिया से रूबरू होने वाले संजय राउत लंबे अंतराल के बाद सोमवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए। शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की आज 13वीं पुण्यतिथि के मौके पर वह मुंबई के शिवाजी पार्क स्थित स्मारक पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान राउत मुंह पर मास्क पहने हुए थे और उनके भाई सुनील राउत उन्हें सहारा देते हुए साथ चल रहे थे। राउत ने स्मारक पर माथा टेक बालासाहेब को श्रद्धांजलि दी और तुरंत ही चले गए।
गौरतलब हो कि पिछले महीने उन्होंने एक नोट जारी कर बताया था कि उन्हें गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हैं और डॉक्टरों ने उन्हें लोगों से मिलने-जुलने और सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है। उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया, लेकिन इतना जरूर कहा था कि वह इलाज करा रहे हैं और नए साल तक बेहतर होकर फिर से जनता की सेवा के लिए लौटेंगे।
सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहने के बावजूद संजय राउत सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय हैं। वह भाजपा, चुनाव आयोग और दिल्ली धमाके जैसे मुद्दों पर लगातार टिप्पणी कर रहे हैं और भाजपा नीत राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
संजय राउत की यह सार्वजनिक उपस्थिति उनके समर्थकों के लिए राहत की खबर है, लेकिन उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता अभी भी कायम है।
Published on:
17 Nov 2025 07:01 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
