
बिहार चुनाव के एग्जिट पोल आए सामने
Bihar Exit Poll: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बाद अब सबकी नजरें 14 नवंबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। इस बीच कई टीवी चैनल और सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए हैं। अब तक जारी अधिकांश एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार बन रही है। बुधवार को एक्सिस माई इंडिया ने भी एग्जिट पोल के आंकड़ें जारी कर दिए हैं।
एक्सिस माई इंडिया द्वारा यह पोल राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर किया गया था और इसमें लगभग 42 हजार मतदाताओं की राय शामिल की गई। सर्वे के नतीजे बताते हैं कि एनडीए को 43%, महागठबंधन को 41%, जनसुराज को 4% और अन्य को 12% वोट मिलने की संभावना है।
बिहार की राजनीति में महिलाओं की भूमिका हमेशा निर्णायक रही है। वहीं एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार महिलाओं ने एनडीए के पक्ष में बड़ी भूमिका निभाई है। एग्जिट पोल के आंकड़ों के मुताबिक, 48% महिलाओं ने एनडीए को वोट दिया, जबकि 37% ने महागठबंधन को।
वहीं, 3% ने जनसुराज और 12% ने अन्य दलों को चुना। विशेष रूप से गृहिणी वर्ग (हाउसवाइफ) में एनडीए को भारी समर्थन मिला है। पुरुष मतदाताओं के बीच मुकाबला बेहद कांटे का रहा। आंकड़ों के अनुसार, 41% पुरुषों ने एनडीए को वोट दिया, जबकि 42% ने महागठबंधन को। जनसुराज को 5% और अन्य को 12% वोट मिले।
कृषि क्षेत्र से जुड़े मतदाताओं में हल्का झुकाव महागठबंधन की ओर दिखा है। सर्वे में 43% किसानों ने महागठबंधन को वोट दिया, जबकि 42% ने एनडीए को। वहीं 4% ने जनसुराज को और 11% किसान मतदाताओं ने अन्य को वोट दिया है। वहीं 43% मजदूरों ने महागठबंधन और 41% ने NDA के पक्ष में वोट दिया है। जनसुराज को 4% मजदूर मतदाताओं ने वोट दिया जबकि 12% ने अन्य को।
बेरोजगार और छात्र वर्ग ने इस बार एनडीए से कुछ दूरी बनाए रखी। 49% बेरोजगार मतदाताओं ने महागठबंधन को वोट दिया, जबकि 34% ने एनडीए को। वहीं छात्रों में 48% ने महागठबंधन को चुना और 33% ने एनडीए को। यहां भी जनसुराज का वोट शेयर 6% और 7% रहा, जबकि अन्य को 11% और 12% वोट मिला।
राज्य के शहरी और पेशेवर वर्ग में एनडीए ने अपना वर्चस्व बनाए रखा है। सरकारी कर्मचारियों में 43% ने एनडीए को वोट दिया, जबकि 39% ने महागठबंधन को। वहीं, निजी क्षेत्र के कर्मचारियों में भी 43% ने एनडीए और 38% ने महागठबंधन को चुना। 49% व्यवसियों ने भी एनडीए पर भरोसा जताया, जबकि 36% ने महागठबंधन को वोट किया।
Published on:
12 Nov 2025 06:21 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
पटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
