Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नाम बदलने वाली राजनीति पर बवाल, CM की घोषणा के बाद आमने-सामने दो समाज

MP News: सागर के जैसीनगर का नाम बदलने की घोषणा ने राजनीति गरमा दी है। क्षत्रिय समाज जयसिंह नगर की मांग पर अड़ा, जबकि गोंड समाज जैसीनगर ही बनाए रखने पर जोर दे रहा है।

2 min read

सागर

image

Akash Dewani

Oct 01, 2025

jaisinagar name change controversy kshatriya demand gond opposition mp news

jaisinagar name change controversy kshatriya demand gond opposition (फोटो- सोशल मीडिया)

Name Change Controversy: मुख्यमंत्री ने सागर के जैसीनगर (Jaisinagar) में मंच से इसका नाम जयशिवनगर (Jaishivnagar) करने की घोषणा के साथ ही राजनीतिक हलचल मच गई है। नाम परिवर्तन के बाद अब अलग-अलग समाज-संगठन सामने आ गए हैं। इन्होंने नाम परिवर्तन पर तकों के साथ अपनी राय रखते हुए मांग उठाई है। क्षत्रिय समाज की इच्छा है कि जैसीनगर का नाम जयसिंह नगर (Jaisingh Nagar) रखा जाना चाहिए। वहीं गोंड समाज कह रहा कि जैसीनगर को जैसीनगर ही रहने दिया जाए। (mp news)

गोंड समाज ने दर्ज की आपत्ति, कहा- जैसीनगर ही रहने दें

गोंड समाज की ओर से संभागीय अध्यक्ष राजेश सिंह सोयाम ने ज्ञापन दिया है। इसमें तर्क दिया गया कि जैसीनगर गोंडवाना साम्राज्य का हिस्सा रहा है। महाराजा संग्राम शाह के साम्राज्य के अधीनस्थ सागर था। सागर के जो सौ गढ़ थे उनमें से एक जैसीनगर भी था। इसके नाम को लेकर गोंड राजाओं की महानताओं और समाज की भावनाओं का ख्याल रखा जाए। जैसीनगर का नाम जैसीनगर ही रहने दिया जाए।

आंदोलन की चेतावनी, विभिन्न समाजों ने अलग मांग

दरअसल 25 सितंबर को मुख्यमंत्री ने घोषणा की है, जिस पर स्वीकृति मिलने पर शासन के रेकॉर्ड में नाम जयशिवनगर किया जाना है। जैसीनगर के नाम बदलने को सागर के राजनीतिक दिग्गजों के बीच की होड़ से जोड़कर देखा जा रहा है। इस सिलसिले में इतिहास और सामाजिक भावनाओं का हवाला देते हुए नाम बदलते समय इनका ध्यान रखे जाने की मांग की जा रही है। समाजों की भावनाएं नाम बदलने पर अलग-अलग हैं, लेकिन उन्होंने उनकी भावनाओं की कद्र नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। (mp news)

क्षत्रिय समाज ने रखी जयसिंह नगर नाम रखने की मांग

क्षत्रिय समाज की तरफ से जैसीनगर का नाम जयशिवनगर की जगह जयसिंह नगर करने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि सागर जिले में दांगी क्षत्रिय वंशीय शासकों का सामाज्य ईसवी सन 1206 से 1732 तक रहा है। इसकी राजधानी सागर के उत्तर में 12 किमी पर गढ़पहरा में थी। दांगी शासक ऊदन शाह ने 1660 में सागर में तालाब किनारे किला बनवाया।

1679 में शासक जयसिंह देव ने सुरखी विस के जयसिंह नगर में तालाब व किले का निर्माण कराया। यहां जो नगर बसा उसे जयसिंह नगर कहा गया। ऐतिहासिक दस्तावेज में इसके प्रमाण हैं। बोलचाल में यह अपभ्रंशित होकर जैसिंह नगर फिर जैसीनगर हो गया। जैसीनगर को जयसिंह नगर किया जाए, कोई और नाम रखने से दांगी समाज की भावनाएं आहत होंगी। (mp news)