Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Dharmendra Death: धर्मेंद्र का वो सुपरफैन, जो हर बर्थडे पर राजस्थान से जाता था मुंबई, निधन के बाद फूट-फूटकर रोया

Dharmendra Passed Away: 89 साल की उम्र में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने मुंबई के जुहू स्‍थ‍ित अपने घर पर अंतिम सांस ली।

2 min read
Google source verification
Dharmendra-fan-Darshan-Singh

धर्मेंद्र के साथ दर्शन सिंह। पत्रिका फाइल फोटो

Dharmendra Death: बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र सोमवार को दुनिया को अलविदा कह गए। 89 साल की उम्र में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने मुंबई के जुहू स्‍थ‍ित अपने घर पर अंतिम सांस ली। धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड सहित देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। धर्मेंद्र के वैसे तो लाखों फैंस हैं। लेकिन राजस्थान का एक ऐसा प्रशंसक भी है, जो धर्मेंद्र के निधन की खबर सुनते ही बुरी तरह टूट गया।

हम बात कर रहे हैं राजस्थान के बीकानेर जिले के दर्शन सिंह की। हाल ही में जब धर्मेंद्र की तबीयत खराब होने की खबर सामने आई थी, तब दर्शन सिंह ने पंजाब के कई गुरुद्वारों में जाकर धर्मेंद्र के स्वस्थ होने के लिए मन्नत मांगी थी। लेकिन अब धर्मेंद्र के निधन की सूचना से दर्शन सिंह को गहरा आघात पहुंचा है।

धर्मेंद्र के हर बर्थडे पर मुंबई जाता यह फैन

दर्शन सिंह बीकानेर जिले के अमरसिंहपुरा गांव के रहने वाले हैं। धर्मेंद्र के हर जन्मदिन पर मिलने के लिए दर्शन सिंह बीकानेर से मुंबई जाते रहे हैं। वे 1984 से लगातार ऐसा करते आ रहे हैं। हालांकि, इस बार धर्मेंद्र के अस्वस्थ होने के चलते मुंबई जाकर जन्मदिन की बधाई नहीं दे पाए। करीब 75 वर्षीय दर्शन सिंह अभी खुद बीमार हैं, लेकिन चहेते कलाकार के निधन की सूचना मिलते ही उनकी आंखों में आंसू छलक पड़े।

धर्मेंद्र कहते थे- दर्शन सिंह…मेरे लिए तो तू ही गूगल

दर्शन सिंह अपने चहेते अभिनेता धर्मेंद्र के प्रति इतने समर्पित रहे हैं कि उनके बारे सभी जानकारियां रखते थे। जैसे धर्मेंद्र के लिए तो वो 'गूगल' हो। धर्मेंद्र के 84वें जन्मदिन पर दर्शन सिंह ने मुंबई में उनके घर पर फोटो की शतरंज भेंट की थी, जिसमें धर्मेंद्र के 32 फोटो थे। इस दौरान दर्शन सिंह ने अपने चहेते अभिनेता को बताया था कि उनके जन्मदिन पर किस-किस साल में रविवार रहा, कितनी फिल्मों में उनके ऊपर किसी तरह का गाना नहीं फिल्माया, कितनों पर फिल्माया। तभी धर्मेंद्र ने कहा था कि दर्शन सिंह मेरे लिए तो तू ही गूगल है।

..मेरे लिए क्या लाए?

दर्शन सिंह ने कहा कि धर्मेंद्र उनके चहेते अभिनेता थे। उनके निधन से जैसे दुखों का पहाड़ सा टूट पड़ा। 2019 का जिक्र करते हुए दर्शन सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र ने मिलने के बाद उन्हें गले लगा लिया था और कहा था मेरे लिए बीकानेर से क्या लाए? दर्शन सिंह ने कहा साब भुजिया, पापड़ और दाल का हलवा। इस पर धर्मेंद्र ने डिब्बा खोला और दर्शन सिंह का मुंह मीठा कराया, फिर स्वयं ने भी स्वाद चखा था।

ये भी हैं प्रशंसक

धर्मेंद्र के जन्मदिन पर हर साल देशभर से हजारों लोग मुंबई जाते थे। बीकानेर से दर्शन सिंह के अलावा मनदीप सिंह, प्रीतम सुथार, जीत सिंह, वसीम लोधी, रोमीराज, ताराचंद, नरेन्द्र चावला, पुष्पेंद्र चौधरी, सोहीम मिर्जा भी धर्मेंद्र को जन्मदिन की बधाई देने के लिए मुंबई जाते थे।